गैरसैंण विधानसभा में तीन दिवसीय मानसून सत्र के दूसरे दिन वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने सदन पटल में रखा बजट
कांग्रेस के विधायकों ने विधानसभा के बाहर सीढ़ियों पर बैठकर केंद्रीय जांच एजेंसियों के कथित दुरुपयोग को लेकर किया प्रदर्शन
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। केंद्रीय जांच एजेंसियों के कथित दुरुपयोग के विरोध में बृहस्पतिवार को सुबह जहां कांग्रेस के विधायकों ने गैरसैंण विधानसभा के बाहर धरना प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की, वहीं दोपहर बाद प्रदेश के वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रदेश की पुष्कर सिंह धामी सरकार का 5013.05 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट सदन के पटल पर रखा।









ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित विधानसभा में तीन दिवसीय मानसून सत्र के दूसरे दिन केंद्रीय जांच एजेंसियों का
दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने के विरोध में कांग्रेस के विधायकों ने विधानसभा के बाहर सीढ़ियों पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस के विधायकों ने पूंजीपतियों और सेबी प्रमुख के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक भवन कापड़ी, ममता राकेश, सुमित ह्रदयेश, आदेश चौहान अनुपमा रावत समेत सभी विधायक मौजूद रहे।
उधर, दोपहर बाद विधानसभा सत्र के दूसरे दिन प्रदेश के वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रदेश की पुष्कर सिंह धामी सरकार का वर्ष 2024-25 का 5013.05 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट सदन के पटल पर रखा। 5013.05 करोड़ रुपये के अनुपूरक बजट में 3756.89 करोड़ रुपये का राजस्व और 1256.16 करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय है। केंद्र पोषित योजनाओं के अंतर्गत 1531.65 करोड़ रुपये और बाह्य सहायतित योजनाओं के अंतर्गत 273.17 करोड़ का प्रावधान अनुपूरक बजट में किया गया है।
भाजपा विधायक ने भी किया सांकेतिक प्रदर्शन
पौड़ी गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक दिलीप रावत ने पर्वतीय क्षेत्रों खासकर अपनी विधान सभा क्षेत्र में गुलदार के आतंक को लेकर विधानसभा के बाहर सांकेतिक प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने मांग की कि वन नीति के लिए एक दिन का विशेष विधानसभा का सत्र बुलाया जाए।
बलिदानी के घर पहुंचे मुख्यमंत्री धामी
ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित विधानसभा के तीन दिवसीय मानसून सत्र में हिस्सा लेने पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सत्र के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को गैरसैंण स्थित सारकोट में लेह-लद्दाख में ड्यूटी के दौरान बलिदान सेना के हवलदार बसुदेव सिंह के पैतृक आवास पहुंच कर उनके परिजनों से मिलकर शोक जताया। कहा, हवलदार बसुदेव सिंह ने देश की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है, जिसके लिए पूरा देश उनका ऋणी रहेगा। कहा, सरकार बलिदानी के परिजनों के साथ खड़ी है। उन्होंने शहीद हवलदार के परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश