February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

बच्चों को किताबी ज्ञान ही नहीं, योग्य नागरिक बनाना जरूरी : धामी

Spread the love

गोवर्धन सरस्वती विद्या मंदिर में मुख्यमंत्री ने शीर्ष दस स्थान हासिल करने वाले छात्र छात्राओं को किया सम्मानित

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। बच्चों को किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि योग्य नागरिक बनाने की दिशा में कार्य करना होगा। देशभक्ति, स्वदेशी चिंतन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और समसामयिक आदि विषयों पर भी जागरूक करना जरूरी है।

ये बात रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोवर्धन सरस्वती विद्या मंदिर, सुमन नगर, धर्मपुर में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, उत्तराखंड के कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए कही। उन्होंने उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2024 की हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा में विद्या मंदिर के शीर्ष 10 स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। सीएम ने घोषणा की कि कॉलेज भवन निर्माण के लिए 60 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

कहा, स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद से अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ ही युवा पीढ़ी को भारतीय मूल्यों से परिचित कराने और भारतीय संस्कृति के अनुरूप उनको शिक्षित करने की दिशा में लगातार काम कर रहा है। विद्या भारती द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर, विद्या मंदिर आज देश के कोने-कोने में हमारे देश के कर्णधारों को संस्कारवान बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।

कहा, प्रदेश में विद्या भारती द्वारा 500 से भी अधिक विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें एक लाख से भी अधिक विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इसके साथ ही विद्या भारती द्वारा आदिवासी बहुल क्षेत्रों और राज्य के सीमांत क्षेत्रों में भी सैकड़ों विद्यालय खोले गए हैं। भारत सरकार द्वारा विद्या भारती के सात स्कूलों को सैनिक स्कूल के रूप में स्थापित करने के लिए चयनित करने पर मुख्यमंत्री धामी ने खुशी जताई।

कहा, विद्यार्थियों और युवाओं के उत्थान के लिए सरकार कई क्षेत्रों में कई कार्य कर रही है। शिक्षा के महत्व को ध्यान में रखते हुए त्वरित रूप से निर्णय लेते हुए देश में सर्वप्रथम राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को प्रदेश में लागू किया। प्रदेश की शिक्षा व्यववस्था को और अधिक आधुनिक, व्यावहारिक और सुदृढ़ बनाने के लिए नीतिगत निर्णय लिए गए हैं। सरकारी स्कूलों में बड़ी संख्या में स्मार्ट क्लासों की स्थापना की जा रही है। कक्षा एक से लेकर 12 तक विद्यार्थियों को निशुल्क पाठ्य पुस्तकें और कक्षा एक से आठ तक पाठ्य पुस्तकों के साथ ही बैग और जूते भी मुहैया कराए जा रहे हैं।

कहा, मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना के तहत हजारों मेधावियों को प्रतिमाह छात्रवृत्ति देने का भी प्राविधान किया है। प्रदेश के प्रत्येक विकासखंड में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के पांच-पांच टॉपर्स को भारत भ्रमण कराने का भी सरकार ने निर्णय लिया है। कहा, उच्च शिक्षा में भी राजकीय महाविद्यालयों की आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। राज्य में 20 नए मॉडल कॉलेज की स्थापना की जा रही है।

कहा, प्रदेश के राजकीय महाविद्यालयों और विवि में पढ़ाई कर रहे पांच विद्यार्थियों को हर साल स्नातकोत्तर स्तर पर अध्ययन के लिए ब्रिटेन के किसी प्रतिष्ठित विवि में पढ़ाई करवाने के लिए चिवनिंग उत्तराखंड छात्रवृत्ति के लिए समझौता किया गया है। कहा, इस बार के बजट में सरकार ने युवा कल्याण, तकनीकी शिक्षा और उच्च शिक्षा के लिए 1700 करोड़ से भी अधिक धनराशि का प्राविधान किया है। हमारी कैबिनेट ने दून विवि में सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज की पढ़ाई करवाने का निर्णय लिया है।

ये रहे मौजूद

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक उमेश शर्मा काऊ, उत्तराखंड आरएसएस के प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेन्द्र, भारतीय शिक्षा समिति के मंत्री डॉ. रजनीकांत शुक्ल, शिशु शिक्षा समिति के अध्यक्ष सुरेन्द्र मित्तल आदि।

Loading

About The Author


Spread the love