February 1, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए देशभर में प्रार्थनाओं का दौर

Spread the love

देहरादून, लखनऊ समेत देश के कई शहरों में हवन यज्ञ का आयोजन

बेबाक दुनिया डेस्क

नई दिल्ली/लखनऊ/देहरादून। चंद्रयान-3 की बुधवार शाम को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग को लेकर देशभर में प्रार्थनाओं का दौर चल रहा है, वहीं यज्ञ और हवन का भी आयोजन कई मंदिरों में बदस्तूर जारी है। वहीं, उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल ने भी मिशन की सफलता के लिए भगवान गणेश से प्रार्थना की।

देहरादून के टपकेश्वर महादेव मंदिर की माता वैष्णो देवी गुफा में मिशन की सफलता को लेकर पूजा की गई। उधर, यूपी की राजधानी लखनऊ में भी मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज पढ़कर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए दुआ मांगी।

वहीं, इसरो ने भी अपने एक ट्वीट में कहा, चंद्रयान-3 अपने मिशन पर तय समय पर है और इसकी नियमित जांच की जा रही है। इसरो के पूर्व निदेशक डॉक्टर सुरेंद्र पाल ने कहा, मुझे विश्वास है कि हम बहुत ही बेहतर करेंगे, क्योंकि चंद्रयान-2 की तुलना में बहुत से बदलाव किए गए हैं।

उधर, उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में मिशन की कामयाबी के लिए जहां तीर्थ पुरोहितों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया, वहीं ऋषिकेश के लक्ष्मण झूला रोड स्थित गरुण चट्टी मंदिर में पुजारियों ने पूजा अर्चना कर भगवान से प्रार्थना की। इसके अलावा परमार्थ निकेतन में सफलता के लिए मां गंगा की आरती की गई।

उधर, धर्मनगरी हरिद्वार में मिशन की सफलता के लिए अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने यज्ञ कर आहुतियां डाली, जबकि कन्या गुरुकुलम में योग गुरु बाबा रामदेव ने यज्ञ और हवन का आयोजन कर आहुतियां डाली।

उत्तरकाशी जिले के यमनोत्री धाम में मिशन की सफलता के लिए पुरोहित समाज के लोगों ने विशेष पूजा अर्चना किया। इस मौके पर कई तीर्थ पुरोहित मौजूद थे। वहीं, मां गंगा के मायके मुखबा स्थित मार्कण्डेय मंदिर में भी पूजा की गई।

Loading

About The Author


Spread the love