February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

एफएसएसएआई ने सचिवालय और जिला जेल को घोषित किया ईट-राईट कैंपस

Spread the love

मुख्य सचिव ने सचिव, सचिवालय प्रशासन एवं महानिरीक्षक जेल को भारत सरकार का प्रमाणपत्र सौंपा

उत्तराखंड सचिवालय ईट राईट कैंपस के रूप में प्रमाणीकृत देश के चुनिंदा सचिवालय परिसरों में शामिल हुआ

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। सुरक्षित स्वास्थ्य एवं पर्यावरणीय दृष्टि से बेहतर भोजन उपलब्ध कराने एवं स्वच्छता के मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (फूड सेफ्टी स्टैंडर्ड अथार्टी ऑफ इंडिया) द्वारा राज्य सचिवालय परिसर एवं जिला जेल सुद्धोवाला परिसर को ईट-राईट कैंपस का प्रमाणपत्र निर्गत किया गया है।

बृहस्पतिवार को राज्य सचिवालय स्थित सभागार में मुख्य सचिव राधा रतूड़ी की अध्यक्षता में हुई कार्यक्रम में मुख्य सचिव द्वारा भारत सरकार की ओर से प्रमाणपत्र को सचिवालय प्रशासन के सचिव दीपेंद्र चौधरी एवं उपमहानिरीक्षक जेल को प्रदान किया। मुख्य सचिव ने सचिवालय प्रशासन की सराहना की और कार्यक्रम में मौजूद महानिरीक्षक जेल की ओर से ईट राईट कैंपस प्रमाणीकरण हेतु किए गए प्रयासों की प्रशंसा की।

रतूड़ी ने इस उपलब्धि के लिए सचिवालय परिसर में कार्यशील कई खान-पान सेवाओं इंदिरा अम्मा भोजनालय, जीएमवीएन कैंटीन के फूड सुपरवाइजर को शुभकामनाएं दी। कहा, उन्हें सुरक्षित एवं स्वच्छ खाद्य पदार्थ के मानक अनुसार अपनी सेवाएं बनाए रखने की कसौटी पर प्रतिदिन खरा उतरना चाहिए।

मुख्य सचिव ने कहा, राज्य सचिवालय एक अनुकरणीय स्थल है और यहां पर राज्य के कई स्थानों से लोगों का आवागमन बना रहता है, जिसे देखते हुए इस परिसर को ईट राईट कैंपस के रूप में घोषित करना राज्य सरकार के अन्य संस्थानों के लिए भी उदाहरण होगा। कहा, इसी प्रकार राज्य में स्थित जेलों के भोजनालय और कैंटीन द्वारा खाद्य सुरक्षा के मानकों अनुसार कैदियों को खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित कराना भी सरकार के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता का विषय है।

कहा, इस दिशा में जिला जेल, सुद्धोवाला को निर्गत ईट राईट कैंपस का प्रमाणपत्र महत्वपूर्ण कदम है। ज्ञात हो कि भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण द्वारा ऐसे सभी कार्य स्थल, जहां पर कार्य करने वाले अधिकांश लोग, कम से कम एक बार का जलपान अथवा भोजन नियमित रूप से ग्रहण करते हैं, को सुरक्षित एवं स्वस्थ खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए ईट राईट कैंपस पहल शुरू की गई है।

इस क्रम में खाद्य एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड के तत्वावधान में विगत दिनों राज्य सचिवालय तथा जिला कारागार परिसर, सुद्धोवाला, देहरादून में संचालित समस्त कैंटीन, भोजनालय एवं अन्य खान-पान सेवाओं का फूड सेफ्टी ऑडिट किया गया और यहां पर काम करने वाले फूड हैंडलर्स को फूड सेफ्टी आधारित फास्टेज प्रदान किया गया।

ये रहे मौजूद

सचिव, सचिवालय प्रशासन, दीपेंद्र चौधरी, आईजी विमला गुंजयाल, अपर सचिव अनुराधा पाल, उप-महानिरीक्षक जेल, दधिराम मौर्य, अपर आयुक्त, एफडीए ताजबर सिंह, गणेश कण्डवाल, उपायुक्त/नोडल ऑफिसर ईट राईट इंडिया, इंदिरा अम्मा भोजनालय, जीएमवीएन कैंटीन, मिलेट बेकरी, आंचल डेरी के फूड सुपरवाइजर एवं भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण द्वारा अधिकृत ट्रेनिंग पार्टनर, फूड ऑडिटर आदि।

Loading

About The Author


Spread the love