May 20, 2025

BebakDuniya

साथ सच का

केंद्रीय खेल मंत्री से मिले सीएम, राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों की दी जानकारी

Spread the love

मुख्यमंत्री धामी बोले, राष्ट्रीय खेलों के आयोजन से उत्तराखंड में खेल संस्कृति का होगा विकास

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। मंगलवार को नई दिल्ली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया से शिष्टाचार भेंट कर उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन की तैयारियों के बारे में जानकारियां साझा की।

मुख्यमंत्री ने कहा, राष्ट्रीय खेलों के 38वें संस्करण की मेजबानी का सौभाग्य उत्तराखंड को प्राप्त हुआ है। धामी ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय खेल मंत्री का आभार जताया। कहा, 28 जनवरी से 14 फरवरी तक चलने वाले राष्ट्रीय खेलों के इस महापर्व में देश के कई राज्यों से लगभग 10 हजार से अधिक खिलाड़ियों द्वारा प्रतिभाग किया जाएगा। कहा, उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए काफी तैयारियां की गई हैं।

कहा, राष्ट्रीय खेलों के आयोजन से उत्तराखंड में खेल संस्कृति का विकास होगा। प्रदेश में खेल अवस्थापनात्मक सुविधाओं का इस प्रकार विकास किया जा रहा कि राज्य के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिल सकें। धामी ने केंद्रीय खेल मंत्री से अल्मोड़ा जिले के डीनापानी में उच्च स्तरीय खेल सुविधाओं के निर्माण और प्रत्येक विकास खंड स्तर पर खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए एक-एक बहुद्देशीय स्पोर्ट्स हॉल की स्थापना के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर में स्थित आईस स्केटिंग रिंग के संचालन के लिए पूर्व में प्रेषित प्रस्ताव पर स्वीकृति के साथ ही राज्य सरकार द्वारा टिहरी जिले में स्थित शिवपुरी में संचालित साहसिक प्रशिक्षण केंद्र के उच्चीकरण के लिए भी धनराशि की स्वीकृति देने का अनुरोध किया। धामी ने केंद्रीय मंत्री से चंपावत जिले में महिला स्पोर्ट्स कालेज की भूमि पर इंडोर आर्टिफिशियल रॉक क्लाइबिंग वाल के निर्माण के लिए वित्तीय सहायता का आग्रह किया।

उन्होंने केंद्रीय खेल मंत्री से अनुरोध किया कि राज्य के खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय खेल सुविधाओं हेतु उपरोक्त प्रस्तावों पर स्वीकृति निर्गत करने का कष्ट करें। कहा, इससे प्रदेश के खिलाड़ियों के मनोबल एवं उत्साह को नई ऊर्जा पैदा होगी। इस पर केंद्रीय खेल मंत्री ने कहा, उत्तराखंड में खेल अवस्थापनात्मक सुविधाओं के विकास के लिए केंद्र से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

Loading

About The Author


Spread the love