February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

चेस चैंपियनशिप में अभय, गीतेश और अदिति ने मारी बाजी

Spread the love

मुख्य अतिथि दिव्यांगजन आयुक्त प्रकाश चंद्र बोले, हम दिव्यांगजनों की भावनाओं की करते हैं कद्र

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। सभी दिव्यांगजन अपनी विभिन्न आकांक्षाओं के साथ आगे बढ़ते हैं। उनकी आकांक्षाओं के अनुरूप हमें उन्हें सुविधा एवं आगे बढ़ने का अवसर देना होगा।

उपरोक्त बात रविवार को राजधानी के सनातन धर्म कन्या इंटर कॉलेज गीता भवन में आयोजित 10वीं उत्तराखंड स्टेट डैफ चेस चैंपियनशिप की शुरुआत करते हुए मुख्य अतिथि दिव्यांगजन आयुक्त, अपर सचिव समाज कल्याण, प्रबंध निदेशक बहुउद्देशीय वित्त एवं विकास निगम प्रकाश चंद्र ने कही। कहा, सभी जिलों में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र संचालित हो रहे हैं और हर जिले में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र एवं खेल विभाग के माध्यम से सभी दिव्यांगों के खेलों का आयोजन जिलों में किया जा सकता है एवं उनकी प्रतिभाओं को प्रांतीय स्तर पर प्रसारित किया जा सकता है।

कहा, वह ज्यादा से ज्यादा दिव्यांगजनों के योजना में शामिल कर कार्य करना चाहते हैं। शीघ्र ही प्रदेशभर में दिव्यांगजनों के लिए बहुत कुछ करने के लिए तत्पर हैं। उन्होंने आजीविका मिशन की भी चर्चा की, जिससे दिव्यांगजनों को प्रशिक्षण देकर उनको आजीविका से जोड़ा जा सके। दिव्यांगजनों की जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र तक सुगम पहुंच के लिए भी निर्देशित किया। इस दौरान उन्होंने जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण कर कार्यों की सराहना की।

ओबेराय मोटर्स के मालिक राकेश ओबेरॉय ने बताया, दिव्यांगजनों के लिए संस्थान हमेशा खुला है और यहां नियमित रूप से दिव्यांगजनों के लिए हो रही गतिविधियों में हमारी हरसंभव सहायता मिलेगी। सनातन धर्म गीता भवन के सचिव नागलिया ने भी श्रवण बाधितों को आशीष वचन दिया। संचालन कर रहे जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के नोडल अधिकारी अनंत प्रकाश ने बताया, जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र समय-समय पर दिव्यांगजनों के सर्वांगीण विकास में खेल शिक्षा, व्यावसायिक प्रशिक्षण एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का संचालन विकास खंडों में नियमित कर रहा है।

बताया, इसी क्रम में विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी 10वीं उत्तराखंड प्रांतीय चेस चैंपियनशिप का आयोजन उत्तराखंड स्पोर्ट्स सोसाइटी फॉर द डेफ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया है। कहा, हमारे दिव्यांगजन भिन्न-भिन्न अवसर पर अपने हुनर को समाज में लाना चाहते हैं और हमारा कर्तव्य है कि ऐसी गतिविधियों का निरंतर आयोजन होते रहना चाहिए। शक्ति भुवन सिंह पुंडीर ने बताया, प्रतियोगिता में समस्त उत्तराखंड के जिलों से श्रवण बाधित जनों को प्रतिभाग करना था, पर मौसम खराब होने से हरिद्वार, देहरादून एवं नैनीताल जिले के ही श्रवण बाधित प्रतिभाग कर सके हैं।

अंत में सभी श्रवण बाधित प्रतिभािगियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रांतीय स्तर पर जीतने वाले खिलाड़ियों को आगे राष्ट्रीय स्तर के लिए भेजने की तैयारियों पर चर्चा भी की गई। कार्यक्रम में 26 श्रवण बाधित बालक-बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। विशेष अतिथि के रूप में सनातन धर्म गीता भवन समिति अध्यक्ष राकेश ओबेरॉय, इलाहाबाद बैंक के मुख्य प्रबंधक रहे विजय पंचवाल, उत्तराखंड स्पोर्ट्स सोसाइटी फॉर द डैफ के सदस्य अनिल जैन, प्रांत महिला प्रमुख सक्षम एवं सदस्य बाल न्यायालय निरुपमा सूद, नोडल अधिकारी आईटी सेल समाज कल्याण गोवर्धन, उत्तराखंड डेफ वेलफेयर एसोसिएशन अध्यक्ष उमेश ग्रोवर मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के ये रहे सहयोगी

उत्तराखंड स्पोर्ट्स सोसाइटी फॉर द डेफ, जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र (डीडीआरसी) संचालक मुनीशाभा सेवा सदन पुनर्वास संस्थान, उत्तराखंड डेफ वेलफेयर एसोसिएशन, दून डिफरेंटली एबल्ड ट्रस्ट और समदृष्टि क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल (सक्षम)।

ये रहे विजेता और उप विजेता

जूनियर बालक में अभय अव्वल, भावेश द्वितीय और सखम तृतीय। सीनियर बालक में गीतेश तिवारी प्रथम, आर्यन द्वितीय और नितिन गुप्ता तृतीय। सीनियर बालिका में अदिति जुयाल प्रथम, ख्वाहिश गुप्ता द्वितीय और शिवानी पुंडीर तृतीय।

ये रहे मौजूद

सलोनी आनंद अरोड़ा मनोचिकित्सक, कैलाश चौहान भौतिक चिकित्सक, दिनेश रावत प्रोस्थेटिक ऑथेंटिक टेक्नीशियन, मोनिका शर्मा वोकेशनल काउंसलर, अनुराधा केयर गिवर, उत्तम टॉक अकाउंटेंट, सहायक एवं मैसेंजर उमेश ग्रोवर, यागवेंद्र भारतीय सांकेतिक भाषा अनुवादक, शिक्षक एवं उत्तराखंड ब्लाइंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन के समन्वयक मयंक जोशी, परवीन, रोहित एवं उत्तराखंड स्पोर्ट्स सोसाइटी के अध्यक्ष रजत नौटियाल, उपाध्यक्ष राजेश, जनरल सेक्रेटरी सिद्धार्थ जैन, कोषाध्यक्ष शक्ति पुंडीर, खेल सचिव दीपक जोशी, अमरीश सिंह, रवि मीणा, ख्वाइश गुप्ता, अभिषेक मिश्रा आदि।

Loading

About The Author


Spread the love