February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार को निदेशालय जिलों की मदद करे : शैलेश

Spread the love

सचिव गृह शैलेश बगोली ने ली प्रदेश के यातायात प्रबंधन की बैठक

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। उत्तराखंड के गृह सचिव शैलेश बगोली ने प्रदेश एवं विशेषकर राजधानी देहरादून और अन्य बड़े शहरों में यातायात को लेकर पुलिस एवं परिवहन विभाग सहित अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए कि यातायात की समस्या के निराकरण के लिए शीघ्र ही योजनाएं तैयार की जाएं।

कहा, सभी संबंधित विभागों द्वारा आपसी सामंजस्य से व्यापक कार्ययोजना तैयार कर क्रियान्वयन किया जाए। निर्देश दिए कि यातायात निदेशालय देहरादून सहित सभी जनपदों में यातायात व्यवस्था के सुधार के लिए कार्य करेगा। गृह सचिव ने यातायात संकुलन को दूर करने के लिए आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल पर जोर दिया। कहा, यातायात व्यवस्था में सुधार की दिशा में कार्य कर रहे अन्य संस्थानों और एजेंसियों द्वारा किए गए कार्यों का भी अध्ययन कराते हुए अपनी योजनाओं में शामिल किया जाए।

उन्होंने अधिक यातायात संकुलन वाले स्थानों पर नई पार्किंग चिन्हित करने के साथ ही नए सड़क मार्गों के निर्माण और पक्कीकरण पर फोकस करने के भी निर्देश दिए। वाणिज्यिक संस्थानों, मॉल, रेस्टोरेंट आदि द्वारा अपनी पार्किंग को प्रयोग में लाने हेतु एन्फोर्समेंट बढ़ने को कहा। बगोली ने शहर में रेहड़ी ठेली लगाने वालों के लिए मोबाइल वेंडिंग जोन निर्धारित करने की दिशा पर भी कार्य करने के निर्देश दिए।

साथ ही उन्होंने रेड लाइट वायोलेशन डिटेक्शन (लालबत्ती उल्लंघन पहचान प्रणाली) को सुचारू करने के भी निर्देश दिए। कहा, चौराहों पर ऑटोमेटेड रेड लाइट सिग्नल्स को बढ़ाया जाए। साथ ही अधिकतर समय ऑटोमेटेड मोड को चालू रखा जाए, ताकि सिस्टम यातायात प्रवाह को सीखकर खुद को अपग्रेड कर सके। उन्होंने स्मार्ट सिटी के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के साथ सामंजस्य स्थापित करते हुए यातायात समस्याओं का निस्तारण करने को कहा।

ये रहे मौजूद

विशेष सचिव गृह रिद्धिम अग्रवाल, आईजी एवं निदेशक यातायात अरुण मोहन जोशी, अपर सचिव गृह निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, एसएसपी देहरादून अजय सिंह समेत लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के अफसर।

Loading

About The Author


Spread the love