February 1, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

दिल्ली से आते ही काम में जुटे सीएम

Spread the love

मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय पहुंचकर अतिवृष्टि का लिया जायजा

कहा, राज्य में अतिवृष्टि से एक हजार करोड़ से ज्यादा की परिसंपत्ति का हुआ नुकसान

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को नई दिल्ली से वापस आते ही सबसे पहले सचिवालय स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचे और अतिवृष्टि एवं नुकसान की अफसरों से जानकारी ली।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा, वर्तमान मानसून के दौरान राज्य में अतिवृष्टि से एक हजार करोड़ से भी अधिक की परिसंपत्ति का नुकसान हुआ है। उन्होंने डीएम टिहरी एवं पौड़ी से फोन पर वार्ता कर नुकसान की जानकारी ली।

उधर, मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए अगले दो दिनों में राज्य के अधिकांश जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने के अंदेशे के चलते सीएम ने सभी डीएम को निर्देश दिए कि मौसम के पूर्वानुमान को दृष्टिगत रख अलर्ट मोड पर रहें। साथ ही सभी सहयोगी संस्थाओं से निरन्तर समन्वय बनाए रखें।

कहा, अतिवृष्टि से बहुत लोग प्रभावित हुए हैं। कुछ ने परिवार के लोगों को खोया है और काफी लोग बेघर हुए हैं। ऐसे लोगों के लिए जल्द योजना लाई जा रही है। बेघर हुए लोगों को पुनर्वास की व्यवस्था, रोजगार के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी।

कहा, जिन बच्चों ने इस आपदा में अपने माता-पिता को खो दिया है, उन बच्चों के लिए शिक्षा का इस योजना के तहत प्रबंध किया जाएगा। उन्होंने सभी डीएम को निर्देश दिए कि जिलों में अनाज से संबंधित सभी वस्तुओं संग दवाओं की भी पर्याप्त उपलब्धता रखी जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा, अतिवृष्टि से प्रदेश में आपदा की स्थिति है। सड़कों, पुलों, मकानों, फसलों, बिजली एवं पानी की लाइनों का भी काफी नुकसान हुआ है। कहा, केंद्र सरकार की टीम ने राज्य में हो रहे नुकसान का प्रारंभिक रूप में सर्वे भी किया है। आपदा से हो रहे नुकसान का आकलन करने के लिए राज्य सरकार से भी केंद्र को पत्र भेजा रहा है।

इस मौके पर अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव शैलेश बगोली, सचिव आपदा प्रबंधन डॉ. रंजीत सिन्हा, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण रिद्धिम अग्रवाल, अपर सचिव सविन बंसल एवं कई विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Loading

About The Author


Spread the love