February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

पुलिस को देख तालाब में कूदा युवक, डूबने से मौत

Spread the love

शनिवार की रात संरक्षित पशु का मांस स्कूटी से लेकर जा रहा था, पुलिस के रोकने पर स्कूटी को फेंक तालाब में कूदा

रविवार सुबह तालाब में मिला शव, खफा ग्रामीणों ने पुलिस पर पिटाई के बाद शव फेंकने का आरोप लगा किया हंगामा

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। हरिद्वार जनपद के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस से बचने के लिए एक युवक चलती स्कूटी से कूदकर तालाब में छलांग लगा दी, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई। उधर, पुलिस के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने की मांग को लेकर रुड़की सिविल अस्पताल में तीन विधायकों समेत अन्य लोग धरने पर बैठ गए।

उधर, युवक के परिजनों और ग्रामीणों ने रविवार सुबह पुलिस पर युवक को पीटकर मारने और फिर शव को तालाब में फेंकने का आरोप लगाकर मौके से करीब चार घंटे से ज्यादा समय तक शव को नहीं उठाने दिया। गंगनहर कोतवाली पुलिस के मुताबिक, संरक्षित पशु के कटान की सूचना पर गोवंश स्क्वॉड की टीम ने क्षेत्र के माधोपुर गांव के पास सोहलपुर गाडा, रुड़की निवासी मोनू (24) नाम के युवक का सूचना के बाद शनिवार की रात पीछा किया तो उसने पुलिस से बचने के लिए चलती स्कूटी को सड़क पर गिराकर पास में स्थित तालाब में छलांग लगा दी।

इस दौरान स्क्वॉड टीम ने युवक के तालाब में कूदने की सूचना गंगनहर कोतवाली पुलिस को दी। इसके बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने के कुछ देर बाद काफी संख्या में ग्रामीण भी तालाब के पास इकट्ठा हो गए। पुलिस युवक को तलाश में जुट गई, लेकिन पता नहीं चला। रविवार को सुबह पुलिस ने फिर तालाब में युवक की तलाश की तो उसका शव सुबह बरामद कर लिया गया। इस दौरान आरोप है कि मौके पर मौजूद युवक के परिजनों और ग्रामीणों ने जब मोनू का शव देखा और उसके शरीर पर कुछ चोंटों के निशान देखे तो भड़क गए।

ग्रामीणों ने पुलिस पर हत्या कर शव को तालाब में फेंकने का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया और पुलिस को शव नहीं उठाने दिया। ग्रामीणों ने पुलिस के साथ अभद्रता भी की। ग्रामीण पुलिस के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने की मांग को लेकर करीब चार घंटे तक मौके से शव को नहीं उठाने दिया। आखिर में समझाने और कुछ सख्ती बरतने के बाद पुलिस युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

उधर, एसपी देहात एसके सिंह ने बताया, जांच कराई जा रही है। जांच के बाद जो भी बात निकल कर आएगी, उसी के अनुसार कर्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस ने युवक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया, जबकि युवक के परिजनों समेत ज्ञात और अज्ञात करीब 150 लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस पर आरोप लगा धरने पर बैठे विधायक

पुलिस कर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर रुड़की सिविल अस्पताल में मोर्चरी के बाहर भगवानपुर विधायक ममता राकेश, कलियर विधायक फुरकान अहमद, झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाती और भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह समेत युवक के परिजन और ग्रामीण धरने पर बैठ गए। साथ ही पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराने की मांग की। मामला बढ़ता देख सिविल अस्पताल परिसर में पुलिस के साथ पीएसी को भी तैनात कर दिया गया।

Loading

About The Author


Spread the love