हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र की घटना, श्रीबालाजी ज्वेलर्स में डकैती की घटना में था शामिल
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। हरिद्वार जनपद के बहादराबाद थाना क्षेत्र में रविवार की रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक लाख का इनामी एक बदमाश ढेर हो गया, जबकि दूसरा फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि मुठभेड़ में ढेर बदमाश श्रीबालाजी ज्वेलर्स में डकैती डालने वालों में से एक था।
पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में ढेर बदमाश पंजाब का निवासी है। मौके से फरार बदमाश की तलाश में पुलिस सर्च अभियान चला रही है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने भी रात में ही मुठभेड़ स्थल और अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली। रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे पुलिस बहादराबाद क्षेत्र में भेल तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इस बीच एक बिना नंबर की बाइक पर दो लोगों को आता देख जब रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायर झोंक धनौरी की ओर भाग निकले।



पुलिस पर फायर झोंककर भागने की सूचना फौरन वायरलेस पर प्रसारित कर बहादराबाद, रानीपुर, ज्वालापुर सहित कई थानों की पुलिस ने बदमाशों का पीछा शुरू किया। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान धनौरी के रास्ते पर एक जगह घिरने के बाद फिर बदमाशों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक को गोली लग गई और वह बाइक से नीचे गिर गया, जबकि दूसरा फरार हो गया।
पुलिस गोली लगने के बाद बाइक से गिरे बदमाश को जिला अस्पताल लेकर आई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उधर, मौके से भागे बदमाश की तलाश में पुलिस देर रात तक तलाशी अभियान चलाती रही। बदमाश के मुठभेड़ में ढेर होने की जानकारी पर बड़े पुलिस कप्तान प्रमेंद्र सिंह डोबाल, एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह, सीओ ज्वालापुर नताशा सिंह आदि मौके पर पहुंचे और जानकारी ली।
उधर, पत्रकारों से रात में बातचीत करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया, पुलिस संग मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जिसको जिला अस्पताल ले जाया गया, मगर यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया, मौके पर बदमाश के पास से जो सामान मिला है, उसकी जांच की जा रही है।
बताया, मुठभेड़ में ढेर बदमाश का चेहरा श्रीबालाजी ज्वेलर्स में डकैती की घटना को अंजाम देने वाले बदमाश से मिलता जुलता है। बताया, मौके से मिले सामान से काफी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण भी मिले हैं। बताया, फोटो के जरिए पहचान होने से पता चला कि बदमाश पर एक लाख रुपये का इनाम भी था। बाकी उसके नाम और अन्य की जानकारी के लिए पड़ताल की जा रही है।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश