February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

पौड़ी के जंगलों की विकराल आग को बुझा रहा हेलीकॉप्टर

Spread the love

राज्य सरकार ने जंगलों की आग को काबू करने के लिए पूरी ताकत झोंकी, फिर भी नहीं हो पा रही काबू

पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर के पास देवलगढ़ राजराजेश्वरी मंदिर परिसर तक पहुंची आग, मुश्किल से बुझाई

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। वैसे तो गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के कई जिलों में जंगल की आग रोजाना ही जहां कहर ढा रही है, वहीं वन विभाग समेत राज्य सरकार भी पसीने पसीने हो रही है। उधर, राज्य सरकार ने भी मोर्चे पर वायुसेना की मदद से आग बुझाने की कोशिश शुरू करते हुए एनडीआरएफ को भी लगा दिया है।

बात पौड़ी गढ़वाल की अगर करें तो इस जिले की विकराल हो गई जंगलों की आग को काबू करने के लिए राज्य सरकार वायुसेना की मदद ले रही है। यहां पर पहली बार सोमवार को दोपहर बाद एयर फोर्स का हेलीकॉप्टर श्रीनगर के समीप कोटेश्वर हेलीपैड पर उतरा और अलकनंदा झील से बांबी बकेट में पानी भरकर डोभ श्रीकोट में आग बुझाने का कार्य किया। पहले दिन दो राउंड में लगभग पांच हजार लीटर पानी का छिड़काव किया।

इस बाबत डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया, हेलीकॉप्टर से आग बुझाने का अभियान जारी रहेगा। उधर, पौड़ी जिले के श्रीनगर के निकटवर्ती देवलगढ़ गांव स्थित सिद्धपीठ राजराजेश्वरी मंदिर परिसर तक जंगल की आग पहुंच गई। मंदिर के पुजारी व अन्य लोगों ने पाइप और बर्तनों से पानी डाल किसी तरह आग को बुझाने में सफलता पाई। पुजारी मनोज उनियाल ने बताया, जंगल की आग मंदिर परिसर तक पहुंच गई। इसकी सूचना वन विभाग को भी दी गई। जब तक विभाग की टीम पहुंचती, तब तक आग को काबू में कर लिया गया।

उधर, टिहरी जिले के पौखाल रेंज में गुरखेत के जंगल में मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे आग लग गई थी। ग्रामीणों ने वन विभाग को आग लगाने की जानकारी देकर फायर वाचर के साथ आग बुझाना शुरू कर दिया, लेकिन आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों ने भी हार नहीं मानी और वन विभाग कर्मियों संग मिलकर शाम पांच बजे के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन जंगल का काफ़ी बड़ा हिस्सा जलकर राख हो गया।

सेंचुरी क्षेत्र में आग लगाते छह लोग गिरफ्तार

रुद्रप्रयाग जिले के केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग की टीम ने ऊखीमठ रेंज के सेंचुरी क्षेत्र में रामबाड़ा अनुभाग के कालीफाट मीठा पानी में छह लोगों को जंगल में आग लगाते दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम मस्तान सिंह, राजेंद्र खत्री, मनोज चंद्र, देवेंद्र लाल, मान सिंह और शाहिल चंद्र निवासी डंगवाल गांव, जखोली बताया। इस दौरान वन विभाग के कर्मियों ने वनाग्नि भी बुझाई।

बार-बार आग लगाने वालों पर गैंगस्टर लगेगा : मुख्य सचिव

उत्तराखंड की मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने कहा, जंगलों में आग लगने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और बार-बार आग लगाने वालों के खिलाफ गैंगस्टर लगाया जाएगा। कहा, वन संपदा को हुए नुकसान की भरपाई भी आग लगाने वालों से ही की जाएगी। कहा, गढ़वाल मंडल के पौड़ी और कुमाऊं मंडल के अल्मोड़ा में आग बुझाने के लिए एनडीआरएफ को भी लगा दिया गया है। इसके अलावा पीएसी, होमगार्ड, पीआरडी के जवानों को तैनात किया जाएगा। साथ ही युवक और महिला मंगल दलों का भी सहयोग लिया जाएगा।

Loading

About The Author


Spread the love