February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

मंगलवार की रात फिर टिहरी जिले में अतिवृष्टि से तबाही

Spread the love

गढ़वाल मंडल में मंगल की रात मूसलाधार बारिश से अफरातफरी, लोगों ने भागकर बचाई जान

अतिवृष्टि के दौरान मलबा आने से दो गाय और छह बछड़े मलबे में दब गए, दो गाय घायल हो गईं

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। गढ़वाल मंडल के लिए मंगलवार की रात फिर भारी गुजरी। देर शाम से जारी मूसलाधार बारिश का दौर देर रात ढाई बजे तक चला, जिसके चलते टिहरी जिले के घनसाली विकास खंड के कई गांवों में अतिवृष्टि के चलते भारी तबाही मची। कई मकान और मवेशी अतिवृष्टि की चपेट में आए। इस दौरान लोगों ने भागकर जान बचाई।

भिलंगना ब्लॉक क्षेत्र में मंगलवार को रात दो बजे के लगभग मूसलाधार बारिश से घुत्तू भिलंग में भारी भूस्खलन हुआ, जिससे कई मवेशी जिंदा दफन हो गए। इसके अलावा जोगियाडा, मेंडू, रायड़ाग, मलेथी, चक्र गाँव, भटगांव, गवाणा तल्ला मल्ला, देवलिंग गांव में भी अतिवृष्टि के चलते कई मकान, पशु दब गए। इसके अलावा घुत्तू को जोड़ने वाली सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई।

कई पुलिया भी आपदा की भेंट चढ़ गईं। घुत्तू देवलिंग में भारी बारिश से गोशाला पर मलबा आ गया, जिससे दो गाय और छह बछड़े मलबे में दब गए, वहीं दो गाय घायल हुई हैं। पूर्व जिला पंचायत सदस्य केदार बर्थवाल ने बताया, अतिवृष्टि से मेंडू, सिंदवाल गांव, गवाना मल्ला, कंडारगांव, देवलिंग, सटियाला, बगर, चक्र गांव, लोम भाट गांव, हिंद कूड़ा आदि स्थानों पर भारी नुक़सान हुआ है।

बताया, अतिवृष्टि के बाद से रात से ही घुत्तू भिलंग क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। गांवों की पेयजल लाइन भी जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई है। उधर, तहसील प्रशासन के कर्मचारी और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया। जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय के मुताबिक, राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंच कर मलबा हटाने में जुट गई हैं।

कई हाईवे मूसलाधार बारिश के चलते बंद

मूसलाधार बारिश से ग्वालदम हाईवे नलगांव में बंद हो गया, लेकिन कड़ी मशक्कत के बीआरओ ने जेसीबी से अवरुद्ध मार्ग को खोलने का काम शुरू किया और रास्ते को सुचारू किया। उधर, राष्ट्रीय राजमार्ग बदरीनाथ-नंदप्रयाग में भारी मलबा और पहाड़ से बोल्डर आने से अवरुद्ध हो गया। वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग बदरीनाथ-चडवापीपल में पहाड़ से मलबा आने से मार्ग घंटों अवरुद्ध रहा। इसी तरह से नैनीताल हाईवे कर्णप्रयाग के पास पहाड़ से भारी मात्रा में मलबा आने से जगह-जगह बंद हो गया।

पहाड़ से मलबा आने से कई सड़कें बंद

कर्णप्रयाग क्षेत्र में मंगलवार रात्रि को हुई बारिश से जगह-जगह मलबा आने से कई सड़कें बंद हो गईं। कर्णप्रयाग सिमली रोड, पोखरी मोटर मार्ग, कमेड़ा नेशनल हाईवे, उमा माहेश्वर आश्रम के पास मलबा आने से मार्ग अवरुद्ध हो गया। वहीं, बनानी में कई घरों में पानी आने से लोगों का काफी नुकसान हुआ है। रात्रि को हुई बारिश से देवतोली में एक शौचालय का पुश्ता टूट गया, जबकि घर के कमरों में भी दरारें पड़ गई हैं।

Loading

About The Author


Spread the love