February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

मां गंगा का अवतरण दिवस बदरीनाथ धाम में धूमधाम से मनाया गया

Spread the love

श्रीबदरीश पंडा पंचायत एवं बदरीश युवा पुरोहित संगठन ने गंगा दशहरे के अवसर पर पूजा-अर्चना एवं गंगा आरती की

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। मां गंगा के अवतरण दिवस पर रविवार को बदरीनाथ धाम में बदरीश पंडा पंचायत ने पूजा अर्चना कर गंगा की आरती की। इस मौके के साक्षी बने सैकड़ों श्रद्धालुओं ने अलकनंदा में डुबकी लगा पुण्य अर्जित किया।

गंगा दशहरा पर्व पर बदरीनाथ धाम में तीर्थपुरोहितों ने तप्तकुंड के पास स्थित गांधी घाट पर विष्णुपदी गंगा-अलकनंदा की पूजा अर्चना की। इसके बाद मां गंगा को खीर का भोग लगाते हुए फल-फूल और वस्त्र भेंट किए। फिर गंगा की आरती उतारी गई। इस मौके पर केदारनाथ धाम में 2013 में आई आपदा में मरने वालों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस मौके पर वक्ताओं ने कहा, सभी का जीवन मां गंगा की तरह निश्चल-निर्मल बना रहे और सभी लोग मां गंगा की तरह परोपकार के गुणों के परिपूर्ण हों। बदरीनाथ धाम के पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल ने कहा, सैकड़ों वर्षों पूर्व से बदरीनाथ धाम में तपस्यारत ऋषि-मुनियों द्वारा गंगा का पूजन किया जाता रहा है।

कहा, धाम में भगवती माई, बाबा नीमकरोली महाराज आदि भी रहे और गंगा आरती उनके सानिध्य में संपन्न होती रही। इस मौके पर बदरीनाथ धाम के नायब रावल अमरनाथ नंबूदरी, वेदपाठी आचार्य रविंद्र भट्ट ने भी विचार रखे। पूजा अर्चना के बाद प्रसाद वितरित किया गया।

ये रहे मौजूद

बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के पूर्व सदस्य आचार्य नरेशानंद नौटियाल, बदरीनाथ के प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी, तीर्थ पुरोहित प्रभाकर बाबुलकर, श्रीबदरीश पंडा पंचायत के सचिव रजनीश मोतीवाल, सह सचिव राजेश पालीवाल, कोषाध्यक्ष अशोक टोडरिया, सदस्य प्रदीप भट्ट, अजय बंदोलिया, तीर्थपुरोहित महापंचायत के महामंत्री डा. बृजेश सती, ब्रह्मकपाल तीर्थपुरोहित संगठन के अध्यक्ष उमेश सती, विवेक थपलियाल, बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ आदि मौजूद रहे।

हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब

हरिद्वार। धर्मनगरी में रविवार को तड़के चार बजे से ही हरकी पैड़ी पर लोगों ने गंगा दशहरा पर डुबकी लगानी शुरू कर दिया था। धर्मनगरी में शनिवार से लेकर रविवार तक तिल रखने तक की जगह नहीं बची थी। चारों ओर जाम और लोगों की भीड़ के चलते पैदल भी निकलना दूभर हो रखा था। उधर, तुलसी पीठाधीश्वर स्वामी रामभद्राचार्य महाराज ने भी कनखल में गंगा दशहरा के दिन गंगा में डुबकी लगा पुण्य अर्जित किया। जगद्गुरु और तुलसी पीठाधीश्वर स्वामी रामभद्राचार्य महाराज ने भक्तों के साथ सुबह कनखल में राजघाट में गंगा स्नान किया और गंगा के महत्व के बारे में बताया। रामभद्राचार्य महाराज कनखल राजघाट में गंगा के तट पर श्रीराम कथा कर रहे हैं। स्वामी रामभद्राचार्य महाराज ने कहा, दशहरा के दिन गंगा जी हरिद्वार में आई थीं और इस दिन गंगा में स्नान करने से 10 पापों का नाश होता है।

Loading

About The Author


Spread the love