February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

यूपी के टैक्सी चालक की उत्तराखंड में गोली मारकर हत्या

Spread the love

शव फेंककर भागे, सीने के आरपार हुई गोली, दिल्ली से हरिद्वार के लिए बुक कराई थी आरोपियों ने टैक्सी

बेबाक दुनिया ब्यूरो

हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के टैक्सी चालक की सीने में गोली मारकर हत्या कर शव फेंककर आरोपी फरार हो गए। गोली सीने के आरपार हो गई। हत्यारों ने चालक के शव को थिथौला गांव के पास गन्ने के खेत में फेंक दिया और फरार हो गए।

पुलिस ने रुड़की-मंगलौर रोड पर टैक्सी को लावारिस हालत में बरामद भी कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने दिल्ली से हरिद्वार जाने के लिए टैक्सी बुक की थी। पुलिस के मुताबिक, चंद्रपाल (24) निवासी ग्राम खदेवरा, थाना हरियावां, जिला हरदोई, उत्तर प्रदेश एक कंपनी में टैक्सी चालक है। शनिवार को कुछ लोगों ने हरिद्वार जाने के लिए उसकी टैक्सी ऑनलाइन बुक की थी।

दिल्ली से यह लोग टैक्सी में सवार होकर निकले थे। रविवार की सुबह कुछ लोगों ने मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के थिथौला गांव के पास गन्ने के खेत में एक युवक का शव पड़ा देखा। शव देखकर ग्रामीणों ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस को मृतक के पास से एक मोबाइल मिला है। मोबाइल से पता चला कि वह एक कंपनी का टैक्सी का चालक है।

माेबाइल से मंगलौर कोतवाली पुलिस ने चालक की शिनाख्त चंद्रपाल के रूप में हुई। पुलिस को मृतक के शव के पास एक रस्सी भी पड़ी मिली। जांच में पता चला कि टैक्सी गायब है। इसके बाद पुलिस ने टैक्सी की तलाश शुरू की। कुछ देर बाद पुलिस ने कार को रुड़की-मंगलौर मार्ग पर सड़क किनारे लावारिस हालत में बरामद कर लिया।

पुलिस ने जानकारी मृतक के परिजनों को दी। इस बाबत मंगलौर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अमर चंद शर्मा ने बताया, टैक्सी चालक की गोली मारकर हत्या की गई है। लूटपाट की बात अभी सामने नहीं आई है। बताया, चालक का मोबाइल भी उसके पास मिला है। साथ ही टैक्सी भी बरामद हो गई है। पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।

Loading

About The Author


Spread the love