13 राज्यों की 88 लोकसभा सीटों के लिए हुए मतदान में 1202 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद
सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान, राहुल गांधी और तीन केंद्रीय मंत्रियों का भाग्य भी ईवीएम में कैद
बेबाक दुनिया ब्यूरो
नई दिल्ली/लखनऊ। लोकतंत्र के महापर्व और 18वीं लोकसभा के सदस्यों को चुनने के लिए शुक्रवार 26 अप्रैल को हुए दूसरे चरण के मतदान में 13 राज्यों की 88 लोकसभा सीटों के लिए 63 फीसदी से ज्यादा मतदान हुआ।
उत्तर प्रदेश और बिहार में अपेक्षा से काफी कम मतदान हुआ। दूसरे चरण के मतदान 1202 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया। मतदाताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, मोदी सरकार के तीन केंद्रीय मंत्रियों राजीव चंद्रशेखर, गजेंद्र सिंह शेखावत और प्रह्लाद जोशी, मथुरा से भाजपा की हेमा मालिनी, ओम बिड़ला, शशि थरूर आदि का भी भाग्य ईवीएम में कैद कर दिया है।
दूसरे चरण में शुक्रवार को देशभर की 88 सीटों पर शाम सात बजे तक औसतन 60.96% मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद मतदान का प्रतिशत बढ़कर 63 फीसदी से अधिक पहुंच गया। नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में 75 फीसदी से अधिक मतदान हुआ। उधर, बस्तर संभाग के 102 गांवों में पहली बार लोकसभा के लिए मतदान हुआ। वहीं, पश्चिम बंगाल में फिर चुनाव के बीच हिंसा की खबरें भी सामने आई हैं। कई जगह दोनों ही पार्टियों के कार्यकर्ताओं में भिड़ंत हुई।
भारत निर्वाचन आयोग ने दूसरे चरण के मतदान के लिए सुरक्षा समेत अन्य इंतजाम चाक-चौबंद किए थे। करीब 16 करोड़ मतदाताओं के लिए एक लाख 67 हजार मतदान केंद्र बनाए गए थे। उधर, छत्तीसगढ़ के तीन लोकसभा क्षेत्रों में 72.51 फीसदी, राजस्थान में 60.45 फीसदी, मणिपुर 77.50 और त्रिपुरा में 77.97 मतदान होने की सूचना है। लोकसभा की 543 सीटों के लिए सात चरणों में वोट डाले जाएंगे और नतीजे चार जून को आएंगे।
दूसरे चरण में यहां हुआ मतदान
13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 88 सीटों पर हुआ मतदान। केरल की सभी 20 सीटों, कर्नाटक की 14, राजस्थान की 13, महाराष्ट्र और यूपी की आठ-आठ सीटों, मध्य प्रदेश की छह सीटों और असम और बिहार की पांच-पांच, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ की तीन-तीन, मणिपुर, त्रिपुरा और जम्मू कश्मीर की एक-एक सीट पर मतदान हुआ।
शाम सात बजे तक मतदान का प्रतिशत
असम-70.68%
बिहार-54.17%
छत्तीसगढ़ -72.51%
जम्मू-कश्मीर-67.22%
कर्नाटक-64.57%
केरल-65.04%
मध्य प्रदेश-55.32%
महाराष्ट्र-53.71%
मणिपुर-77.18%
राजस्थान-60.06%
त्रिपुरा-77.97%
उत्तर प्रदेश-53.17%
पश्चिम बंगाल-71.84%
मिल रहे समर्थन से विपक्ष निराश : मोदी
एक्स पर लिखा, दूसरा चरण बहुत अच्छा रहा। पूरे भारत के लोगों का आभार जिन्होंने आज मतदान किया। एनडीए को मिल रहा अद्वितीय समर्थन विपक्ष को और भी निराश करने वाला है। मतदाता एनडीए का सुशासन चाहते हैं। युवा और महिला मतदाता एनडीए को मजबूत समर्थन दे रहे हैं।
अबकी बार, भाजपा साफ : अखिलेश यादव
‘एक्स’ पर लिखा, ‘दूसरे चरण में दिन भर ये एक अजब रुझान देखने को मिला, हर बूथ पर इंडिया गठबंधन के समर्थन में वोट डालने वाले हर समाज और वर्ग के वोटरों का आना लगातार बढ़ता गया, वहीं भाजपा के मतदाता कम से और कम होते चले गए। दरअसल भाजपा के हताश, निराश समर्थकों के बीच भाजपा की ऐतिहासिक हार की पुख्ता बात फैल चुकी है। उनके संगी-साथी भी कहीं दिखाई नहीं दे रहे। भाजपा नेताओं के ऊल-जुलूल बयानों से भाजपाई शर्मिंदा भी हैं और अंदर से नाराज़ भी. आखिरकार उन्हें भी। तो समाज के बीच ही रहना है।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश