प्रथम चरण का मतदान 21 राज्यों की 102 लोकसभा सीटों पर शुक्रवार 19 अप्रैल को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक
बेबाक दुनिया ब्यूरो
नई दिल्ली/देहरादून/लखनऊ। लोकतंत्र के महापर्व लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण के मतदान की शुरुआत शुक्रवार (19 अप्रैल) से हो रही है। प्रथम चरण में 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 102 लोकसभा सीटों पर 16 करोड़ से ज्यादा मतदाता 1600 से ज्यादा प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में शुक्रवार को कैद करेंगे।
प्रथम चरण की वोटिंग सुबह सात बजे से शुरू होकर देर शाम छह बजे तक चलेगी। हालांकि, कुछ राज्यों में मतदान खत्म होने का समय अलग भी है। लोकसभा चुनाव के लिए पहले चरण में नौ केंद्रीय मंत्री, दो पूर्व मुख्यमंत्री और एक पूर्व राज्यपाल चुनाव मैदान में हैं, जिनकी किस्मत ईवीएम में 19 अप्रैल को कैद हो जाएगी। लोकसभा चुनाव के साथ शुक्रवार को अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम की 92 विधानसभा सीटों पर भी मतदान होगा।
इन प्रदेशों में प्रथम चरण का मतदान
पहले चरण में उत्तराखंड की सभी पांच और तमिलनाडु की सभी 39 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा, जबकि राजस्थान की 12 और उत्तर प्रदेश में आठ सीटों पर मतदान होगा। इसी तरह मध्य प्रदेश में छह, बिहार में चार, पश्चिम बंगाल में तीन, असम और महाराष्ट्र में पांच-पांच, मणिपुर में दो, त्रिपुरा, जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़ में एक-एक सीट पर 19 अप्रैल को मतदान होगा।
मतदान के लिए 1.87 लाख पोलिंग बूथ बनाए गए
पहले चरण में 16.63 करोड़ से ज्यादा वोटर्स हैं, जिनमें 8.4 करोड़ पुरुष और 8.23 करोड़ महिला मतदाता हैं, जो अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें से 35.67 लाख मतदाता ऐसे हैं, जो पहली बार मतदान करेंगे। वहीं, 20 से 29 वर्ष की आयु के मतदाताओं की संख्या 3.51 करोड़ है। प्रथम चरण के मतदान के लिए 1.87 लाख पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। लोकसभा की 543 सीटों के लिए सात चरणों में वोट डाले जाएंगे, जबकि नतीजे चार जून को घोषित होंगे।
More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश