February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

शहीदों, सेनानियों की बदौलत कायम है आजादी : धन सिंह

Spread the love

बोले, पाकिस्तान और बांग्लादेश में हिंदू संस्कृति को मिटाकर अब भारत में भी बड़ा जनसांख्यिकीय असंतुलन पैदा कर रहे देश विरोधी

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। गढ़वाल मंडल के पौड़ी मुख्यालय पर स्वतंत्रता दिवस की 78वीं वर्षगांठ पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कलक्ट्रेट में तिरंगा फहराकर देश और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, कुछ लोगों की सोच आज भी देश के प्रति सकारात्मक नहीं है।

कहा, ये तो हमारे शहीद, स्वतंत्रता सेनानी और सतर्क राष्ट्रभक्तों की कृपा है जिनकी बदौलत हम आजाद हैं। कहा, देश का विभाजन धर्म के आधार पर किया गया, उसके बाद हिंदुओं का पाकिस्तान में सामूहिक नरसंहार किया गया और कुछ को भारत भगा दिया गया। उस समय तक भी हिंदुओं का पाकिस्तान में 17 प्रतिशत के आसपास अनुपात था, पर सुनियोजित तरीके से दमन किया गया, जिसके चलते अब वहां पर एक प्रतिशत के आसपास ही हिंदू बचे हैं।

कहा, भारत में जनसांख्यिकीय असंतुलन पैदा किया जा रहा है। हमें ऐसे लोगों से सतर्क रहने की जरूरत है। कहा, राष्ट्र की एकता, अखंडता और राष्ट्र को विकसित बनाने की सोच रखने वाले नागरिकों को एकजुट रखते हुए देश को विकसित राष्ट्र बनाने में योगदान देना चाहिए। आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडेय ने कहा, हम जहां भी हैं, जिस पद पर हैं, हमें देश के सर्वांगीण विकास में मिल जुलकर योगदान देना चाहिए।

विधायक राजकुमार पोरी, जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान आदि ने भी संबोधित किया। इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने शहीदों के परिजनों, क्रास कंट्री दौड़ में विजेता प्रतिभागियों, स्वच्छता अभियान, दुर्घटना में मदद पहुंचाने वालों को सम्मानित किया। स्कूली छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। वहीं, रांसी स्टेडियम के समीप एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम के तहत अपनी अपनी मां के नाम पर एक-एक पौधे रोपे गए।

ये रहे मौजूद

मुख्य वन संरक्षक नरेश कुमार, आईजी गढ़वाल केएस नगन्याल, वन संरक्षक गढ़वाल आकाश कुमार वर्मा, एसएसपी लोकेश्वर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अपूर्वा पांडेय, डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, अपर आयुक्त गढ़वाल मंडल नरेंद्र सिंह क्वीरियाल, एडीएम ईला गिरी, संयुक्त मजिस्ट्रेट अनामिका, प्रशिक्षु आईएएस दीक्षिता जोशी, सीएमओ डॉ. प्रवीण कुमार, डीडीओ मनविंदर कौर, जिलाध्यक्ष भाजपा सुषमा रावत आदि।

आयुक्त ने मंडल कार्यालय पर फहराया तिरंगा

पौड़ी गढ़वाल स्थित मंडलायुक्त कार्यालय पर सुबह नौ बजे आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडे ने ध्वजारोहण कर सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कहा, हर घर तिरंगा अभियान के तहत हर घर राष्ट्रध्वज फहराया जा रहा, जो पूरे राष्ट्र के लिए गौरव का विषय है। हमारे देश में कई प्रांत, जाति, धर्म, भाषा होने के बावजूद हम एकजुट होकर उपलब्धियां प्राप्त कर आजादी की 78वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। इस मौके पर अपर आयुक्त गढ़वाल मंडल नरेंद्र सिंह क्वीरियाल आदि भी मौजूद थे।

खाकी के बीच शान से फहराया तिरंगा

रिजर्व पुलिस लाइन पौड़ी में एसएसपी लोकेश्वर सिंह ने राष्ट्रगान की धुन के साथ ध्वजारोहण किया। कहा, शहीदों के सपनों का भारत बनाने में सभी लोगों को अपना योगदान देना होगा। कहा, सभी अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए समाज में सामंजस्य और शान्ति व्यवस्था बनाए रखने में अपना योगदान दें। इस मौके पर पुलिस का सहयोग करने वाले तीन व्यक्तियों और सोशल मीडिया पर अच्छे कार्यों को प्रसारित करने वाले दो डिजिटल वालंटियर को कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, आईजी गढ़वाल परिक्षेत्र करन सिंह नगन्याल और एसएसपी लोकेश्वर सिंह ने प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया।

उत्तरकाशी में हुआ देरी से ध्वजारोहण

उत्तरकाशी जिलाधिकारी कार्यालय कलक्ट्रेट में यहां के प्रभारी मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के देरी से पहुंचने पर करीब 20 मिनट देरी से ध्वजारोहण हुआ। यहां साढ़े नौ बजे ध्वजारोहण का कार्यक्रम तय था, लेकिन कबीना मंत्री करीब 20 मिनट देरी से पहुंचे। इस दौरान जिले के अफसर और कर्मचारी मंत्री का इंतजार करते रहे। जब मंत्री पहुंचे, इसके बाद ध्वजारोहण हुआ।

Loading

About The Author


Spread the love