बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थानों से चयनित 212 अभ्यर्थियों को नियुक्तिपत्र प्रदान किए। पॉलीटेक्निक संस्थानों के अंतिम वर्ष के इन छात्र-छात्राओं को कई कंपनियों में नौकरी मिली है। इस वर्ष अभी तक पॉलीटेक्निक से 65 प्रतिशत युवाओं को रोजगार मिल चुका है।



मुख्यमंत्री ने नियुक्तिपत्र प्राप्त करने वाले युवाओं से कहा, नियुक्तिपत्र सभी युवाओं के सपनों की पहली सीढ़ी है। यह परिश्रम और लगन से किए कार्य का सम्मान भी है। हर छात्र पूर्ण मनोयोग से जिम्मेदारियों का निर्वहन करेगा। कहा, राज्य सरकार का प्रयास है कि युवाओं को हर क्षेत्र में रोजगार के मौके मिलें। राज्य के अंदर निजी क्षेत्र भी रोजगार देने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। गैर सरकारी औद्योगिक इकाइयों का विकास आर्थिक विकास का प्रमुख स्तंभ है।
कहा, देवभूमि में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। सरकार इन प्रतिभाओं को राज्य में सही दिशा और उचित अवसर देने का कार्य कर रही है। कहा, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना, विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण कड़ी है। कहा, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 साल में टेक्नोलॉजी, रोजगार, कौशल विकास के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। देश के अंदर हर क्षेत्र में नौजवानों को आगे बढ़ने का अवसर मिला है।
कहा, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में इन्नोवेशन एवं टेक्नोलॉजी को प्राथमिकता दी गई है। स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया जैसी योजनाओं से देश में नई औद्योगिक क्रांति की शुरुआत हुई है। कहा, तकनीकी शिक्षा के विद्यार्थियों हेतु राज्य में ऑनलाइन ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेंटर का निर्माण किया गया है। जिससे छात्रों को बेहतर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए ट्रेनिंग दी जाएगी। छात्रों से कहा, आपके द्वारा किए गए कार्य एवं अनुभव ही आपकी पूंजी के रूप में हमेशा आपके पास रहेगा।
कहा, राज्य सरकार की प्राथमिकता प्रदेश के युवाओं को अधिक से अधिक रोज़गार से जोड़ना है। तीन साल में सरकार ने सरकारी विभागों में 15,000 से भी ज्यादा युवाओं को नियुक्तियां दी हैं। राज्य में भर्ती प्रक्रिया को पूर्ण रूप से पारदर्शी बनाया गया है। परीक्षा से लेकर नियुक्तियां तक तय समय के अंदर हो रही हैं। कहा, भर्ती प्रक्रिया में आई पारदर्शिता से युवाओं का सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है।
कहा, राज्य के कई क्षेत्रों के भ्रमण के दौरान युवाओं ने नकल विरोधी कानून लागू करने के लिए विशेष रूप से सरकार का आभार व्यक्त किया है। यह पारदर्शिता तभी संभव है जब सरकार की नीति और नीयत दोनों साफ हो। सरकार प्रदेश के हर वर्ग के लिए निरंतरता से काम कर रही है। समेकित विकास सरकार की प्राथमिकता है। कहा, नीति आयोग द्वारा जारी सतत विकास के लक्ष्यों की प्राप्ति में प्रदेश प्रथम स्थान पर आया है।
तकनीकी शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा, राज्य में तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापरक शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। युवाओं को सीधे रोजगार मिले इसके लिए जरूरत के हिसाब से नए कोर्स चलाए जा रहे हैं। तकनीकी शिक्षा से रोजगार देना सरकार की प्राथमिकता है। राज्य के पॉलिटेक्निक कॉलेज में फाइनल वर्ष के 3,500 बच्चों में से 2,303 बच्चों को रोजगार से जोड़ दिया गया है। युवाओं को अन्य देशों में भी रोजगार के अवसर मिले, इसके लिए सरकार ने पॉलिटेक्निक एवं इंजीनियरिंग कॉलेजों में जर्मन और फ्रेंच भाषा पढ़ाने का भी निर्णय लिया है।
ये रहे मौजूद
राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी, गोसेवा आयोग अध्यक्ष राजेंद्र अंथवाल, अपर सचिव तकनीकी शिक्षा स्वाति भदौरिया, निदेशक तकनीकी शिक्षा आरपी गुप्ता आदि।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश