January 16, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

अपनों से करें यारी, ऑनलाइन को बाय-बाय

Spread the love

अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत गोष्ठी में लोगों को किया अधिकारों के प्रति जागरूक

कहा, संगठन का उद्देश्य ग्राहकों को जागरूक करना और उनके अधिकारों का संरक्षण करना

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। ऑनलाइन खरीदारी और बड़े-बड़े मालों में जाने के बजाय स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी करें, ताकि स्थानीय अर्थव्यवस्था सुचारू चलती रहे और स्थानीय लोगों को रोजगार मिलता रहे।

उपरोक्त बात अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के क्षेत्रीय संगठन मंत्री लाखन सिंह ने अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत उत्तराखंड प्रांत की बैठक को संबोधित करते हुए कही। राजधानी के ईसी रोड स्थित मार्शल स्कूल में हुई बैठक में ग्राहकों को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। क्षेत्रीय संगठन मंत्री ने कहा, संगठन का उद्देश्य ग्राहकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उनके अधिकारों का संरक्षण करना है। इसके लिए समय-समय पर बैठक और गोष्ठियां आयोजित की जाती हैं।

एडवोकेट विनोद नौटियाल ने कहा, संगठन के गठन के 50 वर्ष पूर्ण होने पर वर्ष 24 में सितंबर माह तक कई कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिससे लोगों को जागरूक किया जा सके। इसके लिए बड़ी संख्या में लोगों को संगठन का सदस्य भी बनाया जाएगा। संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. राजीव कुरेली ने कहा, उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम में ग्राहकों को कई अधिकार दिए गए हैं। जिनमें जानने, देखने, सुरक्षा, शिकायत करने, मुआवजा पाने आदि का अधिकार है।

मार्शल स्कूल के अध्यक्ष एडवोकेट रजनीश जुयाल ने कहा, समाज में अधिकारों के सर्वेक्षण के लिए सभी को सोच में बदलाव लाना होगा। कहा, जो व्यक्ति विक्रेता या उत्पादक है, वह कहीं न कहीं ग्राहक भी हैं। लोगों को अधिकारों के प्रति जागरूक होना जरूरी है। प्रोफेसर सुनील कुमार सक्सेना ने खाद्य वस्तुओं की जांच के लिए हर जिले में एक लैब के गठन का मुद्दा उठाया।

कहा, आज कई खाद्य पदार्थों में मिलावट हो रही, लेकिन इसकी जांच के लिए प्रदेश में मात्र एक ही लैब है, जिसकी रिपोर्ट आने में कई-कई माह लग जाते हैं। इससे मिलावटखोरी नहीं रुक पा रही। सरकार को इस बाबत कदम उठाने चाहिए। संगठन के संरक्षक एवं आरएसएस के पूर्व प्रचारक कल्याण सिंह ने कहा, छोटी-छोटी खरीदारी में भी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना जरूरी है।

इस मौके पर शिवानी, राजकुमार दक्ष, राकेश पांडे, अजय राजपूत, संदीप तोमर, इंदर सिंह नेगी, पंकज जोशी, शकुंतला काला, रविंद्र बावा, योगिनी शर्मा, विधि अधिकारी, अनुराधा उपाध्याय, मंजू बेंजवाल, शालिनी पाल, प्रियांशी, शिखा, आयशा नौटियाल, एकता, अपर्णा, मीनाक्षी पंवार, गीतांजलि कुकरेती, नीरजा कुकरेती, विधि सिंह, सुष्मिता, गोविंद सिंह, प्रदीप भंडारी आदि मौजूद रहे। संचालन संगठन के प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. भूपेंद्र गंगवार ने किया।

Loading

About The Author


Spread the love