May 20, 2025

BebakDuniya

साथ सच का

अयोध्या दीपोत्सव @ 2024…25 लाख से ज्यादा दीप जले, बने दो विश्व रिकॉर्ड

Spread the love

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खींचा श्रीराम का रथ, श्रीराम, सीता, लक्ष्मण के स्वागत के बाद निकाली गई शोभायात्रा

बेबाक दुनिया ब्यूरो

लखनऊ। बुधवार को अयोध्या में प्रभु श्रीराम ने अपने भव्य मंदिर से पांच सौ साल बाद सरयू नदी के किनारे भव्य दीपोत्सव का जहां नजारा देखा, वहीं अयोध्या ने इस दिन दीपोत्सव का अपना रिकॉर्ड तोड़ते हुए एक और नया रिकॉर्ड बनाया। इसके साथ ही एक और रिकॉर्ड एक हजार 121 लोगों ने आरती में भाग लेकर बना डाला।

इसके पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भव्य दीपोत्सव का शुभारंभ दीप जलाकर किया। इसके बाद 25 लाख से ज्यादा दीयों की जगमग रोशनी से सरयू घाट रोशन हो गया। इस दौरान लेजर शो और होलोग्राम थ्रीडी से प्रभु श्रीराम की महिमा का चित्रण किया गया। नवनिर्मित राम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के बाद राम नगरी में पहली बार दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

प्रभु श्रीराम के सीता, लक्ष्मण, हनुमान और अन्य के साथ पुष्पक विमान (हेलीकॉप्टर) से अयोध्या पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य ने स्वागत किया। प्रभु श्रीराम के रथ को सीएम योगी और अन्य ने राम दरबार स्थल तक खींचकर पहुंचाया और प्रभु श्रीराम की आरती उतारी।

मोबाइल फोन की लाइट ऑन होने के साथ ही योगी का भाषण शुरू

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर रामकथा पार्क पर उपस्थित हजारों लोगों ने अपने मोबाइल फोन की लाइट्स ऑन की। इसके बाद योगी ने अपना संबोधन शुरू किया। कहा, हमारे त्योहार सामाजिक रूप से मनाए जाते हैं। कोरोना का सामना हमने किया, लेकिन अयोध्या में दीपोत्सव का क्रम कभी थमा नहीं। कहा, आज फिर दीपोत्सव का रिकॉर्ड बना। यह शाश्वत क्रम इसी प्रकार चलता रहे, यह अयोध्या की जिम्मेदारी बनती है।

योगी ने विरोधियों पर साधा निशाना

एक चौपाई का उदाहरण देते हुए कहा, राजनीति के लिए ये लोग आज फिर बांटने का काम कर रहे हैं। ऐसे लोगों को प्रश्रय देने का काम कर रहे हैं, जो काम कभी रावण ने किया था। जो काम दुर्योधन और दुशासन ने किया था और उसके परिणाम क्या हुए सभी जानते हैं। कहा, वे ताकतें जो भारत को कमजोर करना चाहती हैं, वो भारत को बांटने का काम वैसा ही कर रहे हैं, जैसे रावण और उसके अनुयायियों का था। नाम का अंतर है। कोई जाति के नाम पर, कोई भाषा के नाम पर, कोई परिवार के नाम पर समाज को बांट रहा है, इसके माध्यम से राष्ट्रीय अखंडता और एकता को चुनौती दी जा रही है।

सनातन दुनिया का सबसे महानतम धर्म

कहा, सनातन दुनिया का सबसे महानतम धर्म है। जीयो और जीने दो वाला धर्म है। सबके कल्याण का मार्ग प्रशस्त करने वाला धर्म है। इस पर जब कोई प्रहार करेगा, तो स्वाभाविक रूप से स्वयं के विनाश का मार्ग प्रशस्त करेगा। लोकसभा चुनाव में अयोध्या सीट से भाजपा की हार का दर्द भी भाषण में झलका। कहा, भाजपा की डबल इंजन सरकार ने अयोध्या के लिए जो वादे किए थे, उन्हें पूरा किया है। कहा, मां सीता की अग्नि परीक्षा बार-बार नहीं होनी चाहिए। हमें इस अभिशाप से बाहर निकलना होगा।

दीपोत्सव के पहले संस्करण को किया याद

दीपोत्सव के पहले संस्करण को याद करते हुए योगी ने कहा, तब रामकथा मंडप छोटा था। उस वक्त एक ही नारा लगता था कि योगी जी एक काम करो, मंदिर का निर्माण करो। तब मैंने उस समय कहा था कि विश्वास कीजिए, ये जो दीप आपके द्वारा जलाए जाएंगे वो दीप नहीं, सनातन धर्म का विश्वास हैं, प्रभुराम की कृपा अवश्य बरसेगी। कहा, हम सब पीएम नरेंद्र मोदी के आभारी हैं, जिन्होंने अयोध्या धाम में आकर श्रीराम मंदिर के शिलान्यास का कार्यक्रम अपने कर कमलों से संपन्न किया।

ये बने दो विश्व रिकॉर्ड

गिनीज बुक में सरयू के किनारे एक साथ एक हजार 121 लोगों की आरती का और दूसरा अयोध्या ने 25 लाख दीये जलाने का नया विश्व रिकॉर्ड।

Loading

About The Author


Spread the love