बॉलीवुड के अपने जमाने के दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार का लंबी बीमारी के बाद मुंबई के अस्पताल में निधन
बेबाक दुनिया डेस्क
मुंबई। बॉलीवुड में अपनी देशभक्ति फिल्मों के लिए चर्चित और भारत कुमार के उप नाम से भी मशहूर अपने जमाने के दिग्गज फिल्म अभिनेता पद्मश्री मनोज कुमार (87) ने शुक्रवार की सुबह मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार शनिवार (पांच अप्रैल) को सुबह 11 बजे पवन हंस श्मशान घाट, जुहू, विले पार्ले मुंबई में किया जाएगा।

उनके निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत फिल्म और राजनीति की दिग्गज हस्तियों ने दुख जताया है। फिल्म अभिनेता के बेटे कुणाल गोस्वामी के मुताबिक, फिल्म अभिनेता का निधन मायोकार्डियल इन्फार्क्शन से हुए कार्डियोजेनिक शॉक से हुई। डीकंपेंसेटेड लिवर सिरोसिस जैसी बीमारी से भी वो जूझ रहे थे। बताया, फिल्म अभिनेता को ज्यादा तबीयत बिगड़ने पर 21 फरवरी को कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
तभी से यहीं पर ही भर्ती थे और शुक्रवार को सुबह चार बजे अंतिम सांस ली। 24 जुलाई, 1937 को पंजाब के अमृतसर में जन्मे मनोज कुमार का पहले का नाम हरिकृष्ण गोस्वामी था। मनोज कुमार ने 1957 में फिल्म फैशन से करियर की शुरुआत की थी, लेकिन उन्हें 1960 में आई फिल्म कांच की गुड़िया से पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने उपकार, शहीद, रंग दे बसंती, पत्थर के सनम, रोटी कपड़ा और मकान, संन्यासी, उपकार, पूरब और पश्चिम एवं क्रांति जैसी कई हिट फिल्में दी।
मनोज कुमार की फिल्मों में उनके किरदारों का नाम अक्सर भारत होता था। इसके बाद से बॉलीवुड ने उन्हें नया नाम भारत कुमार मिला था। उनको यादगार अभिनय और देशभक्ति से भरी फिल्मों के लिए हमेशा याद रखा जाएगा। 1992 में पद्मश्री और 2015 में दादा साहेब फाल्के अवार्ड से सम्मानित मनोज कुमार सिर्फ बेहतरीन एक्टर ही नहीं, बल्कि शानदार फिल्म निर्देशक भी थे। मनोज कुमार को एक राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और कई श्रेणियों में सात फिल्म फेयर पुरस्कार भी मिल चुके हैं।
इन्होंने जताया दुख
फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र, रवीना टंडन, शत्रुघ्न सिन्हा, पूनम ढिल्लो, अरुणा ईरानी, मधुर भंडारकर, अजय देवगन, कंगना रनौत, आमिर खान, फिल्म निर्माता अशोक पंडित आदि।
More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश