भाजपा ने यूपी और उत्तराखंड समेत सात राज्यों में राज्यसभा की रिक्त सीटों के चुनाव के लिए उम्मीदवारों का किया एलान
बेबाक दुनिया डेस्क
देहरादून/लखनऊ। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश समेत सात राज्यों की राज्यसभा की रिक्त हुईं सीटों को लेकर भाजपा ने अपने 14 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है।
15 राज्यों की 56 राज्यसभा सीटों के लिए 15 फरवरी नामांकन करने की आखिरी तारीख है, जबकि 27 फरवरी को मतदान होगा। भाजपा की इस सूची में उन किसी केंद्रीय मंत्रियों के नाम नहीं हैं, जिनका कार्यकाल समाप्त हो रहा है। उत्तराखंड से अनिल बलूनी की रिक्त हो रही सीट पर भाजपा ने वहीं के पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को उम्मीदवार बनाया है। भट्ट का जीतना तय है।
अब कयास लगाए जा रहे हैं कि भाजपा अनिल बलूनी को लोकसभा के चुनाव मैदान में उतार सकती है। सूत्रों का तो यहां तक कहना है कि उनको पौड़ी सीट से प्रत्याशी बनाया जा सकता है। उधर, उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होना है, जिसमें से अभी भाजपा के कब्जे में नौ और समाजवादी पार्टी के कब्जे में एक सीट है।
भाजपा यहां से सात और सपा दो सीट आसानी से जीत सकती है। भाजपा ने यूपी की सात सीटों के लिए अपने राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी, कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए आरपीएन सिंह, चौधरी तेजवीर सिंह, डॉ. संगीता बलवंत, साधना सिंह, नवीन जैन और अमरपाल मौर्य को उम्मीदवार घोषित किया है।
इसके अलावा बिहार से डॉ. धर्मशीला गुप्ता और डॉ. भीम सिंह, छत्तीसगढ़ से राजा देवेंद्र सिंह, कर्नाटक से नारायणा कृष्णसा भांडगे, हरियाणा से सुभाष बराला और पश्चिम बंगाल से सामिक भट्टाचार्य को प्रत्याशी बनाया है।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश