May 17, 2025

BebakDuniya

साथ सच का

एसडीआरएफ जवान ने माउंट कोजियस्को चोटी फतह की

Spread the love

ऑस्ट्रेलिया महाद्वीप की सर्वोच्च चोटी पर एसडीआरएफ उत्तराखंड के जवान राजेंद्र सिंह नाथ ने फहराया तिरंगा

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। एसडीआरएफ उत्तराखंड पुलिस में तैनात मुख्य आरक्षी राजेंद्र सिंह नाथ ने ऑस्ट्रेलिया महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट कोजियस्को पर सोमवार (31 मार्च) को फतह कर तिरंगा और एसडीआरएफ उत्तराखंड पुलिस का ध्वज फहराया।

इस मौके पर एसडीआरएफ उत्तराखंड के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अरुण मोहन जोशी नाथ को सफल पर्वतारोहण अभियान के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा, पर्वतारोहण एक साहसिक खेल है और एसडीआरएफ के प्रत्येक सदस्य के लिए ऐसे साहसिक खेलों का विशेष महत्व है, इसलिए समय-समय पर ऐसे साहसिक खेलों में प्रतिभाग करने के लिए कर्मियों को प्रोत्साहित किया जाता है। कहा, एसडीआरएफ ने सतोपंथ, त्रिशूल, भागीरथी, गंगोत्री और एवरेस्ट का सफल आरोहण किया है।

कहा, इन पर्वतारोहण अभियानों से मिले कौशल से एसडीआरएफ द्वारा ग्लेशियरों और ट्रेक रूटों में फंसे देश-विदेश के कई पर्वतारोहियों, ट्रैकरों एवं पर्यटकों का रेस्क्यू किया गया। एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने बताया, मुख्य आरक्षी राजेंद्र सिंह नाथ बल की हाई एल्टीट्यूड रेस्क्यू टीम का अभिन्न अंग हैं। इसी साल 26 मार्च को पर्वतारोहण अभियान के लिए नाथ को जौलीग्रांट से फ्लैग ऑफ किया गया था।

इसके बाद वे ऑस्ट्रेलिया पहुंचे और 31 मार्च को चोटी का सफल आरोहण किया। नाथ का उद्देश्य सभी सात महाद्वीपों की सर्वोच्च चोटियों पर भारतीय तिरंगा एवं उत्तराखंड पुलिस का ध्वज लहराना है। इस दिशा में यह उनका पांचवां महाद्वीप था। मुख्य आरक्षी राजेंद्र सिंह नाथ ने अपनी इस सफलता का श्रेय उत्तराखंड पुलिस के उच्चाधिकारियों एवं पुलिस परिवार को दिया। मुख्य आरक्षी की इस उपलब्धि से न केवल उत्तराखंड पुलिस, बल्कि प्रदेश एवं देश को गर्व की अनुभूति हुई है।

राजेंद्र नाथ की उपलब्धियां

चंद्रभागा-13 (6,264 मीटर)।
डीकेडी-2 (5,670 मीटर)।
माउंट त्रिशूल (7,120 मीटर)।
माउंट गंगोत्री प्रथम (6,672 मीटर)।
माउंट श्रीकंठ (6,133 मीटर)।
माउंट बलज्यूरी (5,922 मीटर)।
माउंट बंदरपूंछ (5,500 मीटर)।
माउंट एलब्रुश (5,642 मीटर)।
माउंट किलिमंजारो (5,895 मीटर)।
माउंट अंकोकागुआ (6,961 मीटर)।
माउंट देनाली (6,190 मीटर)।

Loading

About The Author


Spread the love