May 8, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

गंगोत्री के 14 और यमुनोत्री धाम के कपाट 15 नवंबर को होंगे बंद

Spread the love

गंगोत्री धाम के कपाट अन्नकूट पर्व पर 11.45 बजे किए जाएंगे बंद

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। उत्तराखंड के चार धामों में एक विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए 14 नवंबर और यमुनोत्री धाम के कपाट 15 नवंबर को बंद किए जाएंगे।

शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को गंगोत्री धाम के तीर्थपुरोहितों ने कपाट बंदी की तिथि और मुहूर्त निकाला। उधर, यमुनोत्री धाम के कपाट 15 नवंबर को बंद किए जाएंगे, लेकिन कपाट बंदी का समय विजयदशमी पर तय किया जाएगा। हर साल शारदीय नवरात्र के पहले दिन गंगोत्री मंदिर समिति एवं तीर्थ पुरोहित गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने की तिथि व मुहूर्त निकालते हैं।

श्रीपांच गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया, इस साल सर्दियों के लिए छह माह तक गंगोत्री धाम के कपाट 14 नवंबर को अन्नकूट पर्व पर 11:45 बजे बंद किए जाएंगे। कपाट बंद होने के बाद गंगा की उत्सव डोली अपने मायके मुखीमठ मुखबा के लिए प्रस्थान करेगी।

बताया, रात्रि निवास भैरोघाटी स्थित देवी मंदिर में होगा। इसके अगले दिन 15 नवंबर को भैया दूज पर्व पर गंगा की उत्सव डोली अपने मायके मुखबा मुखीमठ में छह माह के लिए पहुंचेगी। जहां मां गंगा का स्वागत ग्रामीणों द्वारा किया जाएगा। बताया, शीतकाल के छह माह तक मां गंगा की पूजा मुखबा स्थित गंगा मंदिर में होगी।

उधर, यमुनोत्री धाम के कपाट 15 नवंबर को भैया दूज पर्व पर बंद किए जाएंगे। अभी यमुनोत्री धाम के कपाट बंदी का समय व मुहूर्त तय नहीं हुआ है। पुरोहित महासभा के अध्यक्ष ने बताया, यमुनोत्री धाम की कपाटबंदी का समय विजयदशमी पर तय किया जाएगा।

Loading

About The Author


Spread the love