April 29, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

गालीगलौज का विरोध… जान की कीमत देकर चुकानी पड़ी

Spread the love

युवकों ने अंडे की ठेली लगाने वाले युवक को बाल्टी से पीट-पीट कर मौत का घाट उतारा

बेबाक दुनिया ब्यूरो

हरिद्वार। उसका कसूर सिर्फ इतना था कि वह गरीब था और अंडे की ठेली लगाकर अपना और अपने परिवार का गुजर बसर करता था। बात भी कुछ नहीं थी… हां वो दबंग थे और जान गंवाने वाला गरीब…। गालीगलौज का विरोध किया तो कीमत जान देकर चुकानी पड़ी।

यह कोई किसी फिल्म की कहानी नहीं, बल्कि हरिद्वार जिले के रुड़की कस्बे की मंगलवार देर रात घटी घटना का सच है। जब एक अंडे वाले ने गालीगलौज का विरोध किया तो दबंग युवकों ने पहले उसको जमकर पीटा फिर ठेले के पास रखी बाल्टी से ताबड़तोड़ वार कर उसको मौत के घाट उतार दिया।

पुलिस के मुताबिक, रुड़की के पश्चिमी अंबर तालाब निवासी स्वामीनाथ का बेटा आकाश उर्फ शालू (26) रुड़की टॉकीज के पास अंडे की ठेली लगाता था। मंगलवार की रात करीब साढ़े 10 बजे कुछ युवक ठेली पर पहुंचे और गालीगलौज करने लगे। शालू ने जब विरोध किया तो दबंग युवकों ने मारपीट शुरू कर दी।

इस दौरान युवकों का जब इससे भी मन नहीं भरा तो ठेली के पास रखी बाल्टी उठाई और आकाश के ऊपर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए, जिससे आकाश गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इस दौरान किसी ने सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और आकाश को रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान मौत हो गई।

आकाश की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने आकाश के परिजनों की तहरीर पर अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे से युवकों की पहचान की जा रही है।

Loading

About The Author


Spread the love