मुख्यमंत्री धामी ने गौचर नंदा-गौरा महोत्सव में किया प्रतिभाग, किया लोकार्पण और शिलान्यास
गौचर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के रोड शो में उमड़ा जन सैलाब, पुष्प वर्षा से किया गया भव्य स्वागत
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चमोली जिले के गौचर पहुंचे और नंदा-गौरा महोत्सव में शिरकत कर 400.39 करोड़ के 604 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर जिले को बड़ी सौगात दी।





सीएम धामी ने भोजपत्र पर कैलीग्राफी, पारंपरिक रांछ पर कालीन बुनाई और पैडल चरखे पर ऊन कताई संग पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद चखा। धामी ने कन्या पूजन, पहाड़ी उत्पादों का अवलोकन भी किया। मुख्यमंत्री ने गौचर मेला मैदान में आयोजित नंदा-गौरा महोत्सव का दीप जलाकर शुभारंभ किया। उन्होंने देवी शक्ति स्वरूप नौ कन्याओं का पूजन, महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए पहाड़ी उत्पादों का अवलोकन किया और उनके कार्यों की सराहना की।
सीएम ने पहाड़ की पारंपरिक वस्तुओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रांछ पर कालीन बुनाई, पैडल चरखे पर ऊन कताई, रिंगाल की टोकरी बुनने और दुर्लभ भोजपत्र पर कैलीग्राफी भी की और महिला समूहों के साथ कई क्रियाकलाप कर पुरानी यादों को साझा किया। मुख्यमंत्री ने उत्पादों की सराहना करते हुए यात्रा मार्ग पर भी आउटलेट खोलने एवं पारंपरिक तरीके से बन रहे कालीन, पंखी, दोखे, टोपी आदि का खूब प्रचार करने को कहा।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा, हमारी मातृशक्ति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल के मंत्र को धरातल पर उतारने का काम कर रही हैं। मातृ शक्ति के सहयोग से ही हमारा राष्ट्र उन्नति के नए शिखर को छू रहा है। कहा, मां नंदा जिले के साथ ही पूरे गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में अधिष्ठात्री देवी के रूप में पूज्यनीय है। कहा, ये मेरा सौभाग्य है कि मुझे ऐसी सिद्ध भूमि पर आने और यहां मातृशक्ति को समर्पित नंदा-गौरा महोत्स्व में प्रतिभाग करने का अवसर मिला है।





कहा, हमारी सरकार मातृशक्ति के उत्थान को समर्पित सरकार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार लगातार महिलाओं के कल्याण हेतु कई कार्यक्रम आयोजित कर रही है। कहा, उत्तराखंड में यूसीसी को पारित कर जनता से किया वादा पूरा किया है। कहा, समान नागरिक संहिता किसी जाति, धर्म-समुदाय के लिए न होकर पूरे राज्यवासियों के हितों के लिए है। समान नागरिक संहिता देश की महिलाओं के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, मातृ शक्ति के सहयोग के बिना किसी भी समाज या किसी भी राष्ट्र का संपूर्ण विकास नहीं हो सकता। कहा, प्रधानमंत्री मोदी ने 23 करोड़ महिलाओं के बैंक खाते खोले और अब हर तरह की सब्सिडी सीधे खाते में ही मिल रही है। कहा, हमारी सरकार उत्तराखंड को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए निरंतर काम रही है।
कहा, एक ओर जहां उत्तराखंड में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया, वहीं धर्मांतरण रोकने के लिएभी कानून बनाया गया। प्रदेश में पहली बार लैंड जिहाद के खिलाफ कार्रवाई की गई। भ्रष्टाचारियों के खिलाफ भी पहली बार कार्रवाई करने से हम पीछे नहीं हटे।
इस मौके पर जनपद के प्रभारी मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने कहा, अस्पतालों में रिक्त चिकित्सकों के पदों को भरने का काम धामी सरकार में संभव हुआ है। सांसद तीरथ सिंह रावत ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य में ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं। विधायक अनिल नौटियाल ने सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने जनपद के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों पर सीएम का आभार जताया।
सीएम धामी के रोड शो में उमड़ा जन सैलाब
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गौचर हवाई पट्टी से मेला मैदान तक विशाल रोड शो निकाला। इस दौरान स्थानीय लोगों और छात्रों ने पारंपरिक परिधानों एवं वाद्य यंत्रों संग पुष्प वर्षा किया। महिलाओं ने कलश यात्रा और विद्यालय के बच्चों ने नंदा देवी राजजात, छोलिया नृत्य, पांडव नृत्य, मंगल गान, लोकनृत्य की प्रस्तुति दी।
ये रहे मौजूद
राज्य मंत्री रमेश गडिया, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश मैखुरी, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष हिमानी वैष्णव, गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय, डीएम हिमांशु खुराना, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी डाॅ. अभिषेक त्रिपाठी, एसडीएम संतोष कुमार पांडेय आदि मौजूद थे।
97.11 करोड़ की 260 योजनाओं का लोकार्पण
कई विभागों की जिला योजना, राज्य सेक्टर एवं केंद्र पोषित योजनाओं के तहत 34.61 करोड़ की 79 योजनाओं का लोकार्पण हुआ। कर्णप्रयाग विधानसभा में 16.66 करोड़ की 66 योजनाओं का लोकार्पण हुआ। वही थराली विधानसभा के अंतर्गत 45.84 करोड़ की 115 योजनाओं का लोकार्पण किया।
303.27 करोड़ की 344 योजनाओं का शिलान्यास
कई विभागों की जिला योजना, राज्य सेक्टर एवं केंद्र पोषित योजनाओं के तहत 210.11 करोड़ की 132 योजनाओं का शिलान्यास हुआ। कर्णप्रयाग विस में 34.23 करोड़ की 89 योजनाओं और थराली विधानसभा में 58.93 करोड़ की 123 योजनाओं का शिलान्यास किया।
योजना के लाभार्थियों को चेक बांटे
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्राम पंचायत दुआ की राजेश्वरी देवी, कुसुम देवी और यशोदा देवी, अटल आवास योजना के तहत ग्राम सूकी सुराईथोटा की नंदी देवी एवं ग्राम तोलमा सुराईथोटा की सरिता देवी को भवन की चाभियां प्रदान की। वहीं, ग्राम नौटी की नीमा मैठाणी को उत्कृष्ट कृषि कार्य हेतु 25 हजार का चेक और प्रशस्तिपत्र प्रदान किया। उल्लेखनीय कार्य कर रहे युवक मंगल दल बूरा, लुणतरा एवं वादुक को 75-75 हजार रुपये और महिला मंगल दल आला जोखना को 37,500 रुपये का चेक प्रदान किया।
बेहतर काम करने वाली महिलाओं को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री ने नंदा गौरा महोत्सव में कृषि क्षेत्र में उत्साहवर्धक कार्य करने हेतु मत्स्य पालन में मुल्लागांव ग्वाड की लीला देवी व ग्राम पिंडवाली की सीता देवी, परंपरागत हस्तशिल्प में अपर बाजार चमोली की सुनीता देवी, ग्राम गमशाली की रूकमणी देवी, पर्यटन क्षेत्र में मंडल की पूजा देवी, महिलाओं के उत्थान एवं सशक्तिकरण में योगदान और तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित ग्राम मठ की चंद्रकला तिवारी, गोपेश्वर की मीना तिवारी और शशी देवली को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश