June 23, 2025

BebakDuniya

साथ सच का

चारधामों में भारी बर्फबारी, जनजीवन अस्त व्यस्त

Spread the love

गंगोत्री में चार फीट बर्फ जमा, यमुनोत्री धाम में दो फीट बर्फ जमा, बर्फबारी अभी भी जारी

बदरीनाथ और केदारनाथ में दूसरे दिन भी बारिश के साथ बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। बृहस्पतिवार से खराब मौसम शुक्रवार को भी जारी रहा। पूरे प्रदेश में बारिश संग बर्फबारी जारी है। राजधानी देहरादून में भी आज दूसरे दिन भी बारिश का सिलसिला लगातार जारी रहा, जिससे ठंड में इजाफा हो गया है।

दो दिन से लगातार बारिश के चलते बर्फबारी शुक्रवार को भी जारी रही। बदरीनाथ में बर्फबारी के चलते कई फीट ऊंची बर्फ जमा हो गई, जबकि केदारनाथ में भी बारिश संग दूसरे दिन भी बर्फबारी जारी रही, जिससे जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। वहीं, लगातार दूसरे दिन भी बर्फबारी होने से गंगोत्री धाम में करीब चार फीट तक बर्फ जमा हो गई है।

हर्षिल घाटी में भी एक से दो फीट तक बर्फ जमा हो गई है। सुक्की में भी भारी बर्फबारी से गंगोत्री हाईवे बंद हो गया है। उधर, लगातार हो रही बारिश, बर्फबारी से जनजीवन भी अस्त व्यस्त हो गया है। यमुनोत्री धाम में भी करीब दो फीट ऊंची बर्फ जमा हो गई है। यहां पर बृहस्पतिवार से जारी बर्फबारी अभी भी हो रही है। यमुनोत्री धाम में हनुमान मंदिर के पुजारी बर्फबारी के बीच पूजा करते रहे।

उधर, कर्णप्रयाग में भी बृहस्पतिवार से जारी बारिश शुक्रवार को भी जारी रही। बारिश के चलते बृहस्पतिवार शाम से पिंडर घाटी में बिजली गुल रही। वहीं, गैरसैण में दूधातोली, पैंसर, अंज्ञारी महादेव, पनछुया पहाड़ी की चोटियों पर हिमपात भी जारी रहा। शीतकालीन विस परिसर और आसपास की पहाड़ियों पर बादलों और ठंडी हवाओं के साथ बारिश होती रही। निचले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित रहा।

बारिश-बर्फबारी से चमोली के स्कूल एक मार्च को बंद

दो दिन से जारी बारिश और बर्फबारी के चलते एक मार्च को चमोली जिले के कक्षा एक से आठवीं तक के सरकारी व अर्द्धसरकारी विद्यालय बंद रहेंगे। डीएम संदीप तिवारी के मुताबिक, जनपद में निरंतर हो रही बारिश और बर्फबारी से भूस्खलन और हिमस्खलन हो सकता है। इसको देखते हुए विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घो​षित किया गया है।

Loading

About The Author


Spread the love