December 14, 2025

BebakDuniya

साथ सच का

चारधाम यात्रा के लिए मिशन मोड पर कार्य करें अधिकारी : सीएम

Spread the love

धामी ने चारधाम यात्रा की तैयारियों का लिया जायजा, मॉनिटरिंग के लिए कमेटी गठित करने के दिए निर्देश

बोले सीएम, यात्रा के दौरान बीते सालों की कमियों और समस्याओं को इस वर्ष दूर किया जाए

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में यात्रा की तैयारियों एवं मॉनिटरिंग के लिए कमेटी गठित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री धामी ने चारोंधामों में यातायात प्रबंधन के सुगम संचालन हेतु एसपी/एएसपी रैंक के आधिकारी को नियुक्त करने, सभी अधिकारी एवं विभागों में आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। कहा, बीते सालों की यात्रा में जो कमियां और समस्याएं सामने आई, उनके अनुभवों और योजना से काम कर उन समस्याओं को इस वर्ष दूर किया जाए।

उन्होंने अफसरों को पूरे पैदल मार्गों और संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के निर्देश दिए। कहा, यात्रियों के साथ ही स्थानीय लोगों के हितों का भी ध्यान रखा जाए। कहा, शासन स्तर से चारोंधामों की लाइव मॉनिटरिंग की जाए, साथ ही आपदा कंट्रोल रूम का सुचारू संचालन किया जाए। कहा, खराब मौसम पूर्वानुमान की सूचना यात्रियों तक समय से पहुंचे। इसके लिए यात्रियों के मोबाइल फोन पर अलर्ट मैसेज की व्यवस्था भी की जाए। साथ ही पैदल मार्गों की नियमित सफ़ाई कराई जाए।

सीएम धामी ने यात्रा मार्ग पर बने शौचालयों में विशेष तौर पर साफ सफाई रखने के निर्देश दिए। यात्रा मार्गों पर शौचालय की संख्या भी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने मिशन मोड पर प्लास्टिक फ्री चारधाम पर काम करने के भी अफसरों को निर्देश दिए। कहा, यात्रा शुरू होने से पूर्व ही चारोंधामों में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए। पैदल मार्गो में स्ट्रीट लाइट भी लगाई जाए। साथ ही सुचारू पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा, चारधाम यात्रा मार्गों का सुधारीकरण यात्रा से पूर्व कर लिया जाए। जिन स्थानों पर अधिकांश मार्ग अवरुद्ध होते हैं, ऐसे स्थानों का चिन्हीकरण कर जेसीबी मशीन आदि की व्यवस्था की जाए। यात्रा के दौरान कोई भी मार्ग बंद होने पर उसे तुरंत खोलने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने चारधाम यात्रा हेतु बसों और टैक्सियों आदि की जरूरत के संबंध में आकलन कर पूर्व में व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य संबंधित व्यवस्थाओं का विस्तार जल्द करने के निर्देश दिए। कहा, चारधाम यात्रा मार्गों पर अस्थाई चिकित्सा केंद्रों में चिकित्सा व अपेक्षित स्टाफ की तैनाती संग जीवनरक्षक दवाई, उपकरण, पोर्टेबल आक्सीजन सिलिंडर एवं एंबुलेंस/एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की जाए। कहा, घोड़े खच्चरों को होने वाली बीमारियों की रोकथाम हेतु पैदल मार्गों पर पशु चिकित्सकों की तैनाती की जाए।

कहा, यात्रा सीजन में धामों एवं यात्रा मार्गों पर एसडीआरएफ, पुलिस बल, जल पुलिस, गोताखोर, ट्रैफिक पुलिस की तैनाती का प्रबंधन किया जाए, साथ ही जहां जरूरत हो वहां अस्थाई पुलिस चौकी की स्थापना भी की जाए। कहा, यात्रा के दौरान अच्छा कार्य करने वाले लोगों और विभागों को सम्मानित किया जाएगा।

बैठक में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, बीकेटीसी अध्यक्ष अजेंद्र अजय, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, डीजीपी अभिनव कुमार, सचिव सुभाष बगौली, वर्चुअल माध्यम से कई जिलों के जिलाधिकारी और अफसर उपस्थित रहे।

Loading

About The Author


Spread the love