राजधानी के सचिवालय के पास स्थित भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में रिलायंस ज्वेल्स शोरूम में सुबह साढ़े 10 बजे वारदात
राष्ट्रपति थीं शहर में, पुलिस थी अलर्ट मोड पर, फिर भी दो बाइक सवार चार बदमाशों ने वारदात कर दी चुनौती
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। राजधानी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की मौजूदगी के दौरान ही दो बाइक सवार चार बदमाशों ने बृहस्पतिवार सुबह 10:30 बजे पुलिस के इकबाल और हाई अलर्ट को चुनौती देते हुए रिलायंस ज्वेल्स के शोरूम में दिनदहाड़े हथियारों के बल पर 20 करोड़ रुपये से ज्यादा की डकैती डालकर सनसनी मचा दी।


सुबह पुलिस लाइन देहरादून में राज्य स्थापना दिवस का मुख्य समारोह चल रहा था, जिसकी मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु थीं। इसके अलावा सूबे के मुखिया पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल भी कार्यक्रम में मौजूद थे। साथ ही पुलिस के मुखिया समेत अन्य आलाधिकारी भी मौजूद थे। इसके अलावा पूरा शहर एक प्रकार से पुलिस छावनी में भी तब्दील था।
लेकिन, राजधानी के वीवीआईपी रोड राजपुर में पुलिस मुख्यालय के पास स्थित रिलायंस ज्वेल्स शोरूम में सुबह 10:30 बजे चार बदमाशों ने शोरूम के कर्मियों को बंधक बनाकर 20 करोड़ के जेवरातों को लूट लिया और बड़े ही इत्मीनान से फरार भी हो गए। बेखौफ बदमाश शोरूम में करीब 25 मिनट तक मौजूद रहे और लूटपाट करते रहे। इसके बाद बड़े आराम से निकल भी गए। आखिर में फिल्मी पटकथा की तरह पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर बदमाशों की धरपकड़ के लिए नाकेबंदी की, मगर बदमाश हाथ नहीं आए।
उधर, बड़े पुलिस कप्तान अजय सिंह ने वारदात को चुनौती के रूप में लेते हुए बदमाशों की धरपकड़ के लिए चार टीमों का गठन कर जल्द से जल्द मामले के खुलासे के निर्देश दिए हैं। पुलिस के मुताबिक, देर शाम घटना में प्रयुक्त दो बाईकों को पुलिस ने बरामद भी कर लिया है, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लगे हैं।
एसएसपी के मुताबिक चारों बदमाश हथियारों से लैस थे और सभी अपना मुंह मास्क से ढके हुए थे। बताया, वारदात का दौरान बदमाशों ने शोरूम के किसी भी कर्मचारी के साथ मारपीट आदि नहीं की। बताया, सीसीटीवी कैमरे से साफ दिख रहा कि बदमाश इंद्रलोक होटल की गली से पैदल ही शोरूम तक पहुंचे थे। एक बदमाश की पीठ पर बैग भी सीसीटीवी कैमरे में नजर आ रहा है।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश