July 10, 2025

BebakDuniya

साथ सच का

चार हेली सेवाओं से चार स्थानों तक पहुंच

Spread the love

मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया चार हेली सेवाओं का शुभारंभ

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। मंगलवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चार हेली सेवाओं का शुभारंभ किया। इसके बाद से अब दून से नैनीताल, बागेश्वर से मसूरी और हल्द्वानी से बागेश्वर का हवाई संपर्क स्थापित हो गया।

शुभारंभ के मौके पर सीएम ने कहा, उड़ान योजना के अंतर्गत शुरू इन चार हेली सेवाओं से राज्य में पर्यटन एवं आर्थिक विकास को गति मिलेगी। बेहतर कनेक्टिविटी से स्थानीय लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएंगे। बागेश्वर, नैनीताल और मसूरी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण हैं। इन क्षेत्रों की प्राकृतिक सुंदरता, शांतवादियां, हरे-भरे पहाड़, ऐतिहासिक मंदिर और समृद्ध संस्कृति देश-दुनिया के पर्यटकों को आकर्षित करती हैं।

कहा, देहरादून से इन स्थानों पर पहुंचने में सड़क मार्ग से लगभग आठ से 10 घंटे लगते हैं। हेली सेवा के शुरू होने से यह यात्रा एक घंटे की हो जाएगी। इमरजेंसी की स्थिति में इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बहुत मदद मिलेगी। कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आम आदमी को भी हवाई यात्रा करने में सक्षम बनाने के उद्देश्य से उड़ान योजना शुरू की थी। इस योजना के अंतर्गत राज्य के कई हिस्सों में हवाई पट्टियों और हेलीपोर्ट्स का विकास किया गया है।

कहा, राज्य में 18 हेलीपोर्ट्स से हेली सेवाओं के संचालन की दिशा में कार्य किया जा रहा, जिनमें से अब तक 12 हेलीपोर्ट्स पर सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं। इन हेली सेवाओं से अब तक गौचर, श्रीनगर, चिन्यालीसौड़, हल्द्वानी, मुन्स्यारी, पिथौरागढ़, पंतनगर, चंपावत और अल्मोड़ा जैसे क्षेत्रों को जोड़ा जा चुका है। कहा, हेली सेवाएं राज्य में न केवल आवागमन को सुगम बनाएंगी, बल्कि दैवी आपदा के समय दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों के लिए भी एक जीवनरेखा के रूप में भी कार्य करेंगी।

कहा, सरकार राज्य में हवाई संपर्क को और अधिक सशक्त बनाने के लिए घरेलू उड़ानों को बढ़ावा देने के साथ उत्तराखंड को वैश्विक स्तर पर एक प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के विस्तार के लिए भी लगातार प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर यात्रियों से वर्चुअल बातचीत भी की। उधर, जनप्रतिनिधियों एवं लोगों ने इन सेवाओं के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

ये रहे मौजूद

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक उमेश शर्मा काऊ, खजानदास, सविता कपूर, बृजभूषण गैरोला, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव सचिन कुर्वे, गढ़वाल मंडल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय, मुख्य कार्यकारी अधिकारी युकाडा सोनिका, वर्चुअल माध्यम से विधायक सुरेश गड़िया, पार्वती दास, रामसिंह कैड़ा आदि।

हेली सेवा सप्ताह में सात दिन संचालित होगी

दून से मसूरी की हेली सेवा उत्तराखंड हवाई संपर्क योजना के तहत, जबकि अन्य तीन हेली सेवाएं केंद्र सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत संचालित की जा रही हैं। देहरादून-मसूरी के बीच पांच सीटर, जबकि अन्य जगहों के लिए सात सीटर हेलीकॉप्टर सेवा देगा। दून से बागेश्वर, नैनीताल और हल्द्वानी से बागेश्वर की हेली सेवा सप्ताह में सातों दिन दिन में दो बार संचालित होगी, जबकि मसूरी दून हेली सेवा पहले माह में रोजाना एक उड़ान भरेगी।

हेली सेवा का किराया

●देहरादून-नैनीताल, 4,500 प्रति यात्री
देहरादून से उड़ान- सुबह 8.15, दोपहर- 2.25 बजे, नैनीताल से उड़ान-सुबह 9.10, दोपहर- 3.20 बजे।

●देहरादून से बागेश्वर, किराया–4,000 प्रति यात्री, देहरादून से उड़ान-सुबह 10.20, दोपहर-12.30 बजे और
बागेश्वर से उड़ान-सुबह 11.10, दोपहर- 1.20 बजे।

●हल्द्वानी से बागेश्वर, किराया–3,500 प्रति यात्री, हल्द्वानी से उड़ान-सुबह 8.30 और दोपहर-02.45 बजे, बागेश्वर से उड़ान-सुबह 9.00, दोपहर- 3.00 बजे।

●देहरादून से मसूरी, किराया–2,578 प्रति यात्री

Loading

About The Author


Spread the love