सीनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप-2023 के एकल वर्ग में फाइनल में तेलंगाना के थारून एम को हराया
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। उत्तराखंड के अल्मोड़ा निवासी बैडमिंटन खिलाड़ी चिराग सेन ने असम के गुवाहाटी में आयोजित 85वी सीनियर नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप का पुरुष एकल ख़िताब जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया।

चिराग सेन ने पुरुष एकल के फाइनल में तेलंगाना के थारून एम को 21-14, 13-21 और 21-9 से हराकर स्वर्ण पदक प्राप्त जीता। सीनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में पहली बार उत्तराखंड को स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ है। फाइनल से पूर्व खेले गए सेमीफाइनल में चिराग सेन ने रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के खिलाड़ी किरण जॉर्ज को सीधे सेटों में 21-18 और 21-18 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।
गौरतलब हो कि सीनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में उत्तराखंड के खिलाड़ियों में लक्ष्य सेन ने पुरुष एकल में एक रजत और एक कांस्य पदक जीता है। सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चिराग सेन ने कुहू गर्ग के साथ वर्ष 2013 में मिश्रित युगल में एक कांस्य पदक जीता था। कुहू गर्ग ने राष्ट्रीय सीनियर चैंपियनशिप-2017 में मिश्रित युगल में कांस्य और वर्ष 2019 में भी महिला युगल में एक रजत पदक और मिश्रित युगल में एक कांस्य पदक जीता था।
स्वर्ण पदक जीतने वाले चिराग सेन फिलहाल भारतीय रेलवे की ओर से खेल रहे हैं। चिराग सेन की सफलता पर प्रदेश के खेल सचिव अमित सिन्हा और उत्तरांचल स्टेट बैडमिंटन संघ की अध्यक्ष डॉ. अलकनंदा अशोक ने जल्द ही सम्मानित करने की बात कही है। उधर, चिराग सेन की इस ऐतिहासिक सफलता पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, खेल सचिव अमित कुमार सिन्हा और भारतीय ओलंपिक संघ की संयुक्त सचिव डॉ. अलकनंदा अशोक समेत खेल प्रेमी और खिलाड़ियों ने चिराग सेन, उनके पिता और कोच डीके सेन व मां निर्मला धीरेन सेन को बधाई दी है।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश