बोले, काशी विश्वनाथ में कॉरिडोर बनने के बाद अब 50,000 श्रद्धालु एक साथ धार्मिक आयोजन में लेते हैं हिस्सा
बेबाक दुनिया ब्यूरो
लखनऊ। डबल इंजन की सरकार उत्तर प्रदेश के धार्मिक स्थलों को विकसित कर रही है। काशी विश्वनाथ में पहले एक साथ 50 श्रद्धालु भी खड़े नहीं हो पाते थे, पर कॉरिडोर बनने के बाद अब 50,000 भक्त एक साथ धार्मिक आयोजन में भाग ले सकते हैं।
उपरोक्त बात शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वामी विवेकानंद की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस पर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विवि के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने 14 जनवरी से शुरू हो रहे विशेष स्वच्छता अभियान में युवाओं और प्रदेश के समस्त नागरिकों से जुड़ने का आह्वान किया।
योगी ने राज्यस्तरीय विवेकानंद यूथ अवॉर्ड एवं यूपी स्टार्टअप नीति के अंतर्गत स्टार्टअप/इनक्यूबेटर्स को प्रोत्साहन राशि, स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत स्मार्ट फोन/टैबलेट का वितरण भी किया और माई भारत पोर्टल के माध्यम से स्वच्छता अभियान संबंधी गतिविधियों का शुभारंभ भी किया। योगी ने कहा, पिछले एक वर्ष में प्रदेश में साढ़े 31 करोड़ पर्यटक आए। इससे प्रदेश में रोजगार का सृजन हुआ है। कहा, 22 जनवरी को श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर अयोध्या सबसे विकसित और भव्य टूरिस्ट स्पॉट होगा।
कहा, मात्र 39 वर्ष की आयु में स्वामी विवेकानंद ने भारत समेत पूरी दुनिया को नई राह दिखाई। युवाओं को उठो, जागो और अपने ध्येय की प्राप्ति तक न रुकने का संदेश दिया। युवाओं को विवेकानंद की इस बात को हमेशा ध्यान में रखना चाहिए, क्योंकि हर राह की एक मंजिल होती है। कहा, जब हम सही मंजिल और मार्ग का चुनाव कर आगे बढ़ेंगे तो निश्चित ही हमें सफलता मिलेगी। कहा, विवेकानंद यूथ अवार्ड के तहत हमारी सरकार प्रदेश के दो करोड़ युवाओं को जोड़ रही है और इसके तहत युवाओं को टैबलेट और स्मार्ट फोन दिए जा रहे हैं।
योगी ने कहा, आज प्रदेश रेवेन्यू सरप्लस राज्य है, जो किसी के सामने हाथ नहीं फैलता। अब यूपी के पास युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने के लिए संसाधन उपलब्ध हैं। कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने के लिए पंच प्रण, गुलामी की मानसिकता से मुक्ति, विकसित भारत, विरासत पर गर्व, नागरिक कर्तव्य और एकता एवं एकजुटता का संकल्प दिया है। इन्हीं संकल्पों के साथ यदि हम ईमानदारी से अपना कार्य करेंगे तो भारत को दुनिया की एक बड़ी ताकत बनने से कोई नहीं रोक पाएगा।
कहा, 2017 के पहले प्रदेश के सामने पहचान का संकट था। परिवारवाद की राजनीति करने वाले लोग युवाओं को जाति का झुनझुना पकड़ाते थे। वे लोग जब सत्ता में आते थे, जाति का अहित करते हुए अपने परिवार के कल्याण में लग जाते थे। कहा, दुनिया के अंदर सबसे अधिक युवा भारत में हैं और भारत में सबसे अधिक युवा यूपी में हैं। यहां पर 56 प्रतिशत आबादी कामकाजी है, जिन्हें हमें काम देना होगा। इसके लिए हमें जाति, मत, मजहब और क्षेत्र से ऊपर उठना होगा।
कार्यक्रम में प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल, खेल एवं युवा कल्याण मामलों के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चंद्र यादव आदि भी उपस्थित रहे।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश