May 6, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

देश भक्ति सभी प्रकार की भक्तियों में सर्वश्रेष्ठ : धामी

Spread the love

सीएम ने अमृत कलशों का किया स्वागत, बोले- अमर शहीदों की मिट्टी को राष्ट्रीय शहीद स्मारक तक पहुंचाया जा रहा

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अमृत वाटिका उनके द्वारा दिए गए एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को पूर्ण करने में सहायक सिद्ध होगी। कहा, देश भक्ति सभी प्रकार की भक्तियों में सर्वश्रेष्ठ है।

उपरोक्त बात उन्होंने हिमालयन संस्कृति में देशभर से लाए गए अमृत कलशों का सांस्कृतिक कार्यक्रमों द्वारा भव्य स्वागत के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कही। कहा, एक राष्ट्र तभी महान बनता है, जब उसके नागरिकों के मन में अपने देश, अपनी संस्कृति, अपनी परंपरा और अपने सामर्थ्य पर पूर्ण विश्वास एवं गर्व का भाव होता है। हमारी देवभूमि, वीरों की भूमि है, बलिदानियों की भूमि है और ये बात हमारे सैनिकों ने अब तक हुए सभी युद्धों में सिद्ध की है।

कहा, प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में हमें मेरी माटी, मेरा देश अभियान के तहत उन वीरों की वंदना करने का अवसर प्राप्त हुआ है, जिन्होंने देश की माटी की खातिर प्राणों की आहुति दे दी। इस महाभियान में सबने भागीदारी निभाई है। जिसका परिणाम है कि अमृत कलश यात्रा में देवभूमि के सुदूरवर्ती अंचलों के 95 विकासखंडों और 101 नगर -निकायों से 192 तथा नेहरू युवा केंद्र से 166 स्वयं सेवक उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कहा, कलश यात्रा अमर शहीदों के त्याग एवं बलिदान को हमारे मस्तिष्क में चिरस्थाई रखने के उद्देश्य से संपूर्ण देशभर में मेरी माटी मेरा देश महाभियान के अंतर्गत चलाई जा रही है। इस यात्रा के तहत अमर शहीदों की तपोभूमि की मिट्टी को अमृत कलश में दिल्ली स्थित राष्ट्रीय शहीद स्मारक तक पहुंचाया जा रहा है। अमृत कलश यात्रा के तहत देशभर से 7500 कलशों में आने वाली मिट्टी और पौधों को मिलाकर राष्ट्रीय युद्ध स्मारक के पास अमृत वाटिका बनाई जाएगी।

कहा, प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से सेना न केवल पहले से और अधिक सक्षम और सशक्त हो रही है, बल्कि उसकी यश और कीर्ति पताका चारों ओर फहरा रही है। केंद्र सरकार जहां एक ओर सेना के आधुनिकीकरण पर बल दे रही, वहीं दूसरी ओर सैनिकों और उनके परिवारों को मिल रही सुख-सुविधाओं का भी ख्याल रख रही है। राज्य सरकार भी प्रधानमंत्री के दिशा-निर्देशन में सैनिकों एवं उनके परिवार को मिलने वाली सुविधाओं में वृद्धि करने के लिए प्रतिबद्ध है।

संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा, आजादी के अमृतकाल का यह वर्ष देश की संप्रभुता, एकता, अखंडता एवं सशक्त भारत की परिकल्पना को साकार करते हुए विश्व पटल पर एक महाशक्ति के रूप में उभरकर सामने आया है। देश आज जहां एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सक्षम एवं दूरदर्शी नेतृत्व के कारण तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था की ओर अग्रसर हो रहा है, वहीं आज पूरा देश एकजुट होकर आजादी का अमृत महोत्सव अभियान से प्रत्येक घर और व्यक्ति को जोड़कर अखंड भारत की छवि एवं समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को विश्व मंच पर लाने का प्रयास भी बेहद सफल रहा है।

कहा, पूरे वर्षभर आजादी का अमृत महोत्सव पूरे देशभर में हर्षोल्लास से मनाया गया। इसी अभियान के अन्तर्गत देश के लिए अपना बलिदान देने वाले करोड़ों वीरों को नमन करने एवं उनके प्रति समर्पित भाव से सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए मेरी माटी मेरा देश एक जन अभियान का रूप ले चुका है। इस मौके पर सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, विधायक खजानदास, सुरेश सिंह चौहान, मधु भट्ट, अनिल डब्बू, राजेश शुक्ला, सचिव एचसी सेमवाल, निदेशक संस्कृति बीना भट्ट, आईटीबीपी और एसएसबी के अधिकारी मौजूद थे।

Loading

About The Author


Spread the love