May 5, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

धामी ने रोजगार प्रयाग पोर्टल किया लॉन्च

Spread the love

बोले मुख्यमंत्री, योजनाओं को एक जगह उपलब्ध कराने के लिए लॉन्च किया गया युवा उत्तराखंड एप

कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग ने आईआईटी, माइक्रोसॉफ्ट संग किया करार

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड में आयोजित उत्तराखंड युवा महोत्सव में रोजगार प्रयाग पोर्टल का शुभारंभ किया। उन्होंने युवा उत्तराखंड एप भी लॉन्च किया और सेवायोजन दफ्तरों में स्वरोजगार केंद्रों का शुभारंभ भी किया।

राज्य में रोजगार के अवसरों को एक ही पोर्टल पर मुहैया कराने के उद्देश्य से सरकार द्वारा पोर्टल बनाया गया है। आईटीडीए द्वारा युवा उत्तराखंड एप विकसित किया गया है। मुख्यमंत्री ने डिजिटल जानकारी संग युवाओं को योजनाओं से संबंधित अधिक जानकारी और आवेदन के लिए सभी जिलों में सेवायोजन कार्यालयों में रोजगार केंद्र विकसित करने की घोषणा की थी।

घोषणा के प्रथम चरण में सीएम ने देहरादून एवं ऊधमसिंह नगर में स्वरोजगार कार्यालयों का शुभारंभ किया। उन्होंने रोजगार मेलों से चयनित 17 अभ्यर्थियों को नियुक्तिपत्र भी प्रदान किए। इस मौके पर उनकी उपस्थिति में कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग और आईआईटी रुड़की के बीच एमओयू किया गया।

कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग और माइक्रोसॉफ्ट के बीच भी एमओयू किया गया। इस अवसर पर एल्डरली केयर गिवर के रूप में जापान में राज्य के युवाओं को जापानी भाषा और रहन-सहन संबंधी प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए लर्नेट स्किल कंपनी संग एमओयू किया गया।

राज्य के नर्सिंग प्रशिक्षितों को इंग्लैंड एवं आयरलैंड में नर्स के रूप में कार्य करने के लिए एन्वेर्टज कंसल्टेंसी और जर्मनी में नर्स के रूप में कार्य करने को जेनराईज ग्लोबल के साथ एमओयू किया गया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा, आज युवाओं के लिए जहां रोजगार प्रयाग पोर्टल और युवा उत्तराखंड एप लॉन्च किया गया है, वहीं आईआईटी रुड़की एवं माइक्रोसॉफ्ट के तकनीकी सहयोग प्राप्त करने हेतु एमओयू भी किया गया है। पोर्टल से जहां कई सरकारी विभागों में आउटसोर्सिंग के माध्यम से भरे जाने वाले पदों की जानकारी एवं आवेदन करने की प्रक्रिया सरल होगी, वहीं विभागों में आउटसोर्सिंग के पदों की सूचना भी मिल सकेगी।

देवभूमि के युवा प्रतिभा संपन्न और मेहनती

कहा, देवभूमि के युवा न केवल प्रतिभा संपन्न एवं सामर्थ्यवान हैं, बल्कि मेहनती भी हैं। कई क्षेत्रों में प्रदेश की प्रतिभाओं ने देश और दुनिया में राज्य का नाम रोशन किया है। देश और राज्य का भविष्य युवाओं की शक्ति पर निर्भर है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नए भारत का निर्माण हो रहा, जिसकी मजबूत नींव युवा हैं।

पीएम के नेतृत्व में नए भारत का निर्माण

कहा, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नया भारत अपने युवा साथियों की सहायता और सहयोग के लिए हमेशा तत्पर है। राज्य में युवाओं के साथ किसी भी स्तर पर अन्याय नहीं होने देंगे। कहा, सरकार ने नकल विरोधी कानून लागू कर भर्तियों में घोटाले करने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही कर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने का कार्य किया है। रोजगार और स्वरोजगार की दिशा में राज्य सरकार द्वारा अनेक प्रयास किये गये हैं।

राज्य में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित किया जा रहा : धामी

कहा, राज्य में युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के साथ ही स्पोर्टस कल्चर को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके लिए जहां एक ओर नई खेल नीति लाई गई है, वहीं नौकरियों में खेल कोटे को भी पुनः प्रारंभ किया गया है। वर्तमान में मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के अंतर्गत खेल छात्रवृत्ति दी जा रही है।

कहा, सरकार अपने युवाओं की उन्नति के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। प्रदेश को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के हमारे विकल्प रहित संकल्प को पूर्ण करने के लक्ष्य में भागीदार बनेंगे।

युवाओं का कौशल विकास जरूरी : बहुगुणा

कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा, उत्तराखंड के विकास के लिए युवाओं का कौशल विकास करना जरूरी है। इसी सोच के साथ युवाओं को कौशल विकास एवं रोजगार से जोड़ने के लिए युवा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

कहा, प्रदेश का युवा शिक्षित है, उनको सही दिशा देने की दिशा में राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। सरकार की योजनाओं से युवाओं को जानकारियां मिल सके, इसलिए सभी विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं। इस मौके पर मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक खजानदास, बृज भूषण गैरोला, सचिव विजय कुमार यादव, दीपेन्द्र चौधरी, निदेशक आईटीडीए नितिका खंडेलवाल उपस्थित थे।

Loading

About The Author


Spread the love