May 17, 2025

BebakDuniya

साथ सच का

परिवहन निगम के बेड़े में 130 नई बसें शामिल

Spread the love

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीपावली पर्व पर प्रदेशवासियों को दीं बीएस-06 मॉडल की सौगात

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में रविवार को 130 नई बसें और शामिल हो गईं। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजधानी देहरादून स्थित आईएसबीटी से बीएस-06 मॉडल की इन बसों को फ्लैग ऑफ किया।

इस मौके पर उन्होंने कहा, आज उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में 130 नई बसों को शामिल कर राज्य के विकास में एक और महत्वपूर्ण कड़ी जुड़ रही है। आधुनिक तकनीक से युक्त नई बसें हमारे राज्य के परिवहन तंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगी। ये बसें न केवल यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती यात्रा का अनुभव प्रदान करेंगी, बल्कि प्रदेश की आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन गतिविधियों में भी नई ऊर्जा का संचार भी करेंगी।

कहा, राज्य की भौगोलिक परिस्थितियां अन्य राज्यों की तुलना में चुनौतीपूर्ण हैं। राज्य के दुर्गम और सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्र बुनियादी सुविधाओं के लिए परिवहन नेटवर्क पर ही निर्भर हैं। कहा, पर्यटन क्षेत्र उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। ऐसे में प्रभावी परिवहन तंत्र न केवल यात्रियों की सुविधा के लिए बहुत जरूरी है, बल्कि आर्थिक विकास में भी अपना योगदान देता है। राज्य के हर कोने को बेहतर सड़क नेटवर्क और विश्वसनीय परिवहन सेवाओं से जोड़ना हमारा संकल्प है।

कहा, सरकार उत्तराखंड परिवहन निगम को मजबूती प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जहां कुछ वर्ष पूर्व तक हमारा परिवहन निगम 500 करोड़ रुपये से भी अधिक के घाटे में था। पिछले तीन वर्षों से परिवहन निगम लगातार मुनाफे में है। इसके लिए उन्होंने परिवहन निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों की प्रशंसा भी उन्होंने की। कहा, इस दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने के लिए हम आगे बढ़ रहे हैं।

धामी ने कहा, आज अनेक क्षेत्रों में उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल है। नीति आयोग द्वारा जारी सतत विकास लक्ष्यों में राज्य को प्रथम स्थान मिला है। कहा, इसे बनाए रखना हमारे लिए चुनौती है। राज्य की जीएसडीपी तेजी से बढ़ी है और बेरोजगारी दर घटी है। कहा, जल्द ही बस बेड़े में इलेक्ट्रिक बसों को भी शामिल किया जाएगा।

कहा, राज्य सरकार चालक-परिचालकों की समस्याओं से भी भलीभांति परिचित है। इसके लिए चाहे डीए में बढ़ोतरी हो, 7वें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करना हो या निगम में भर्तियों के माध्यम से मैन-पावर की समस्या का समाधान करना हो, हम पूरी प्रतिबद्धता संग उनके कल्याण के लिए कार्य कर रहे हैं। इस दीपावली पर सेवाएं देने वाले चालकों, परिचालकों और तकनीकी कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि देने का भी फैसला किया गया है।

विधायक विनोद चमोली ने कहा, मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में एक ही बार में बसों के बेड़े में 10 प्रतिशत की वृद्धि राज्य के लिए एक बड़ी सौगात है। इससे जहां लोगों का आवागमन सुगम होगा, वहीं लोगों को अपनी विरासत से जोड़ने का कार्य मुख्यमंत्री ने किया है। कहा, परिवहन निगम को और फायदे में लाने को निरंतर प्रयास जरूरी है। आईएसबीटी का सौन्दर्यीकरण के साथ ही अतिक्रमण को रोकने के लिए निरंतर प्रयास करने होंगे।

ये रहे मौजूद


विधायक प्रमोद नैनवाल, सविता कपूर, भाजपा मंडल अध्यक्ष संजीव सिंघल, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय, उपाध्यक्ष एमडीडीए बंशीधर तिवारी, अपर सचिव परिवहन निगम नरेंद्र जोशी, अनिल गर्ब्याल आदि।

Loading

About The Author


Spread the love