December 14, 2025

BebakDuniya

साथ सच का

पहाड़ों में फिर बर्फ की चादर बिछी

Spread the love

चारधामों बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में बर्फबारी

लगातार बर्फबारी होने से कई जगह बर्फ के बीच पानी ला रहे लोग

बेबाक दुनिया डेस्क

देहरादून/उत्तरकाशी/चमोली। उत्तराखंड के पहाड़ों में लगातार हो रही बर्फबारी से जहां मौसम में फिर ठंड लौट आई है, वहीं कई क्षेत्र में दुश्वारियां भी पैदा कर दी हैं। लोग प्यास बुझाने के लिए बर्फ के बीच से पानी ढोने को विवश हो रहे हैं।

गढ़वाल मंडल के कर्णप्रयाग में शनिवार को फिर मौसम ने करवट ली और शाम करीब साढ़े पांच बजे से जहां हल्की बारिश शुरू हुई, वहीं ठंडी हवाओं के चलने से घाटी वाले इलाके शीतलहर की चपेट में आ गए, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई। बगची, वेदनी, आली समेत बुग्यालों में बर्फबारी हुई। उधर, भारी बर्फबारी के चलते गंगोत्री हाईवे पर सुक्की से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। बर्फ से हाईवे पर वाहनों के फिसलने का खतरा बना हुआ है।

वहीं, उत्तरकाशी जिले में स्थित गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में भी जमकर बर्फबारी हुई। यमुनोत्री धाम, खरशालीगांव, जानकीचट्टी, नारायणपुरी, फूलचट्टी क्षेत्र में दोपहर बाद मौसम के करवट लेते ही तेज बर्फबारी शुरू हो गई थी। हर्षिल घाटी और ऊंचाई वाले क्षेत्रों समेत मां गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखबा में भी भारी बर्फबारी हुई।

उधर, चमोली जिले में स्थित बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में भी जमकर बर्फबारी हुई। दोनों धामों में करीब तीन से चार फीट ताजी बर्फ जम गई है। जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी निचले क्षेत्रों तक भी पहुंच गई। गांव में चौक, खेत खलियान और आम रास्ते बर्फ से ढक गए। रात को पाला गिरने से बर्फ जम गई। अब ठिठुरन भरी ठंड पड़ रही है।

अभी तक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ही बर्फबारी हो रही थी, लेकिन शनिवार को बर्फ निचले क्षेत्रों तक आ गई। घूनी, पडेरगांव, जोशीमठ के साथ ही तपोवन क्षेत्र के गांवों में बर्फबारी हुई है। पोखरी के मोहनखाल, ब्राह्मण थाला, नैल, कलसिर गांव में भी बारिश के साथ ही बर्फबारी हुई। उधर, बर्फबारी के बाद जोशीमठ औली मोटर मार्ग बंद हो गया, जिसको खोलने के लिए बीआरओ की टीम जुटी हुई है।

उधर, खरशालीगांव में पानी की सप्लाई बंद होने से बर्फबारी में ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पीने के पानी को बर्फ के बीच बाल्टियों में ढोने को लोग विवश हैं।

Loading

About The Author


Spread the love