May 25, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

प्रशिक्षित गुरिल्लाओं को आजीविका से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे : धामी

Spread the love

मुख्यमंत्री ने सचिवालय में एसएसबी प्रशिक्षित गुरिल्ला स्वयं सेवकों की समस्याओं को सुना

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में एसएसबी प्रशिक्षित राज्य के गुरिल्ला स्वयं सेवकों की समस्याओं को सुना। इस दौरान कई जिलों से गुरिल्ला स्वयं सेवक वर्चुअल माध्यम से भी जुड़े थे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कई विभागों में प्रशिक्षित गुरिल्ला स्वयं सेवकों को आजीविका से जोड़ने के लिए प्रयास किए जाएं। साथ ही गुरिल्ला स्वयं सेवकों की जिन समस्याओं का त्वरित समाधान हो सकता है, किए जाएं। कहा, केंद्र सरकार से भी गुरिल्ला प्रशिक्षकों के मदद के लिए प्रस्ताव भेजकर अनुरोध किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अफसरों को निर्देश दिए कि वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम, निजी सुरक्षा एजेंसियों में सुरक्षा कर्मी, होमगार्ड में प्रशिक्षक, फॉरेस्ट फायर वॉचर, पुलिस विभाग के अन्तर्गत ग्राम चौकीदार, लोक निर्माण विभाग में कई कार्यों, वन विभाग की कई योजनाओं एवं अन्य क्षेत्रों में गुरिल्ला की सेवाओं का लाभ कैसे लिया जा सकता है, इस दिशा में ध्यान दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी को निर्देश दिए कि सबंधित विभागों द्वारा राज्य के प्रशिक्षित गुरिल्ला स्वयं सेवकों को आजीविका से जोड़ने और उनके प्रशिक्षण का लाभ राज्य को भी मिल सके, इस दिशा में जो भी कार्यवाही की जा सकती है, इसके अनुपालन में समय-समय पर बैठक ली जाए।

बैठक में अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, आनंद बर्द्धन, कार्यवाहक डीजीपी अभिनव कुमार, कमांडेंट जनरल होमगार्ड केवल खुराना, डीआईजी/अपर सचिव गृह निवेदिता कुकरेती, अपर सचिव विनीत कुमार, ललित मोहन रयाल, अत्तर सिंह, संबंधित विभागीय अधिकारी और वर्चुअल माध्यम से एसएसबी प्रशिक्षित गुरिल्ला स्वयंसेवक उपस्थित थे।

Loading

About The Author


Spread the love