हरिद्वार पुलिस को आरोपी रुड़की के पनियाला रोड से मिला, आरोपी के खिलाफ एक और केस दर्ज
सोमवार की रात मुठभेड़ में पैर में लगी थी गोली, सिविल अस्पताल से मंगलवार को हो गया था फरार
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। सोमवार को पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद रुड़की सिविल अस्पताल के निजी वार्ड से मंगलवार की सुबह भागा बदमाश आखिरकार सात घंटे बाद फिर पुलिस के चंगुल में फंस गया। पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद उस पर एक केस और दर्ज कर लिया।

पुलिस कस्टडी से फरार होने के बाद अब फिर बदमाश की गिरफ्तारी से जहां अफसर राहत की सांस ले रहे हैं, वहीं पुलिस फरारी के दौरान उसके मददगारों के बाबत बदमाश से पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक, मंगलौर थाना क्षेत्र के हरचंदपुर निवासी बदमाश अंशुल सैनी सोमवार की रात 10 बजे भगवानपुर पुलिस से मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हो गया था। अंशुल भगवानपुर थाना क्षेत्र के पुहाना में फरवरी में हुई लूट की घटना में फरार चल रहा था। घायल को सिविल अस्पताल रुड़की में भर्ती कराया गया था।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल भी अस्पताल पहुंचे थे और बदमाश से पूछताछ की थी। अस्पताल में भर्ती अंशुल की निगरानी के लिए दो पुलिस कर्मियों को भी तैनात किया गया था। मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे टाॅयलेट करने के बहाने बाथरूम गया और वहीं से फरार हो गया था। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने दोनों पुलिस कर्मियों से जानकारी ली। इसके बाद बदमाश की गिरफ्तारी के लिए चेकिंग अभियान चलाया गया। करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने रुड़की के पनियाला रोड से गिरफ्तार कर लिया।


More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश