January 16, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

बाहरी व्यक्ति अब नहीं खरीद सकेगा कृषि भूमि

Spread the love

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भू-कानून समिति की आख्या प्रस्तुत किए जाने तक लगाई रोक

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। मुख्यमंत्री के निर्देश पर शासन ने भू-कानून समिति की आख्या आने तक राज्य से बाहरी व्यक्तियों को कृषि एवं उद्यान के उद्देश्य से भूमि क्रय करने की अनुमति के प्रस्ताव पर रोक लगा दी है। अभी तक जिलाधिकारी अपने स्तर पर भूमि क्रय करने किनअनुमति देते थे।

इस आदेश के पूर्व भी मुख्यमंत्री ने भूमि क्रय से पूर्व ख़रीदार के भूमि ख़रीदने के कारण पृष्ठभूमि के सत्यापन के बाद ही भूमि क्रय करने के निर्देश दिये थे। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भू-कानून के संबंध में उच्च स्तरीय बैठक लेते हुए अफसरों को निर्देश दिए कि भू-कानून के लिए बनाई गई कमेटी द्वारा बड़े पैमाने पर जन सुनवाई की जाए और कई क्षेत्रों से जुड़े लोगों और विशेषज्ञों की राय ले।

उन्होंने भू-कानून के लिए विकेंद्रीकृत व्यवस्था के लिए गढ़वाल और कुमाऊं कमिश्नर को भी शामिल करने के निर्देश दिए। उत्तर प्रदेश जमींदारी एवं भूमि व्यवस्था अधिनियम 1950 की धारा 154 में वर्ष 2004 में किए गए संशोधन के अनुसार, ऐसे व्यक्ति जो उत्तराखंड राज्य में 12 सितंबर 2003 से पूर्व अचल संपत्ति के धारक नहीं हैं, उन्हें कृषि और औद्यानिकी के उद्देश्य से भूमि क्रय करने की जिलाधिकारी द्वारा अनुमति प्रदान करने का प्रावधान है।

वर्तमान में उत्तराखंड राज्य के लिए नए भू-कानून तैयार करने के संबंध में राज्य सरकार द्वारा प्रारूप समिति गठित की गई है। शासन के मुताबिक, मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर प्रदेशहित और जनहित में निर्णय लिया गया कि भू-कानून समिति की आख्या पेश करने तक या अग्रिम आदेशों तक डीएम राज्य से बाहरी लोगों को कृषि एवं उद्यान के उद्देश्य से भूमि क्रय करने की अनुमति के प्रस्ताव में अंतिम निर्णय नहीं लेंगे।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि समिति द्वारा विशेषज्ञों और कई क्षेत्रों से जुड़े लोगों के सुझावों पर तेजी से ड्राफ्ट बनाया जाए। सीएम ने कहा, राज्य सरकार द्वारा सभी निर्णय प्रदेश के हित में लिए जा रहे हैं। राज्य की जनभावनाओं के अनुरूप और जो राज्यहित में सर्वोपरि होगा, सरकार द्वारा उस दिशा में निरंतर कार्य किए जाएंगे। बैठक में अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, एडीजी एपी अंशुमन, सचिव एवं गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय, अपर सचिव जेसी कांडपाल आदि भी उपस्थित थे।

Loading

About The Author


Spread the love