May 7, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

भारत का पंच… न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराया

Spread the love

एक दिवसीय विश्व कप क्रिकेट टूर्नामेंट में भारत ने दर्ज की पांचवीं जीत, मोहम्मद शमी ने पांच विकेट झटके

शतक से चूके विराट कोहली, बनाए 95 रन, न्यूजीलैंड के बल्लेबाज मिचेल ने शतक बनाते हुए 130 रन बनाए

बेबाक दुनिया डेस्क

नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार को धर्मशाला में हुए आईसीसी वनडे विश्व कप मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराकर पांचवीं जीत दर्ज की।

भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। न्यूजीलैंड की तरफ से मिचेल ने 127 गेंद पर 130 रन बनाए। मिचेल ने अपनी शतकीय पारी के दौरान नौ चौके और पांच छक्के लगाए। मिचेल के बाद रचिन ने 75 रन का योगदान दिया, जिसमें छह चौके और एक छक्का शामिल है। फिलिप्स ने 23 रन बनाए, जबकि विल यंग ने 17 रन का योगदान दिया।

न्यूजीलैंड की पूरी टीम 50 ओवर में 273 बनाकर ऑल आउट हो गई। भारत की तरफ से तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने लगातार दो गेंद पर दो विकेट लेकर सनसनी फैला दी, लेकिन शमी हैट्रिक बनाने में चूक गए। उन्होंने 54 रन देकर पांच विकेट हासिल किया, जबकि जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज ने एक-एक विकेट लिए, वहीं कुलदीप यादव महंगे जरूर साबित हुए, लेकिन उन्होंने भी दो विकेट हासिल किए।

उधर, न्यूजीलैंड के 273 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय सलामी जोड़ी रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने भारत को ठोस शुरुआत दी। रोहित शुरुआत से ही आक्रामक थे। उन्होंने अपनी 46 रन की पारी के दौरान चार चौके और चार छक्के भी लगाए। भारत ने 10 ओवर में 63 रन बना डाले थे।

इसके बाद न्यूजीलैंड के गेंदबाज फर्गुसन ने रोहित और गिल की साझेदारी को तोड़ा। रोहित शर्मा को 46 रन पर बोल्ड आउट कर दिया। इसके बाद विराट कोहली मैदान पर उतरे और पहले उन्होंने संभलकर खेला, फिर आक्रामक रुख अख्तियार कर 104 गेंद पर 95 रन बना कर आउट हो गए। विराट ने आठ चौके और दो छक्के लगाए।

भारत की तरफ से रविंद्र जडेजा ने नाबाद 39, श्रेयस अय्यर ने 33 और केएल राहुल ने 27 रन बनाए। भारत ने 48 ओवर में छह विकेट खोकर 274 बना चार विकेट से मैच जीत लिया। भारत के गेंदबाज मोहम्मद शमी को पांच विकेट लेने पर मैन ऑफ द मैच चुना गया।

Loading

About The Author


Spread the love