May 15, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

भ्रष्टाचार का विरोध करें, राष्ट्र के प्रति समर्पित रहें : धामी

Spread the love

30 अक्टूबर से पांच नवंबर तक चलने वाले सतर्कता सप्ताह का किया शुभारंभ

बोले मुख्यमंत्री, प्रदेश में सतर्कता विभाग में 103 नए पद सृजित किए जाएंगे

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। सोमवार से पांच नवंबर तक चलने वाले सतर्कता सप्ताह का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, सतर्कता विभाग की कार्यप्रणाली को प्रभावी रूप से और बेहतर बनाने के लिए सर्विलांस और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम का गठन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने सतर्कता सप्ताह के अंतर्गत सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम भ्रष्टाचार का विरोध करें, राष्ट्र के प्रति समर्पित रहें कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया। घोषणा की कि सतर्कता विभाग में 103 नए पद सृजित किए जाएंगे और विभाग की कार्यप्रणाली को प्रभावी रूप से और बेहतर बनाने के लिए सर्विलांस और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम का गठन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले सतर्कता विभाग के इंस्पेक्टर तुषार बोहरा, इंस्पेक्टर भानु प्रकाश आर्य, एएसआई दिवाकर शर्मा और सिपाही नवीन कुमार को सम्मानित किया। साथ ही अफसरों और कर्मियों को सत्यनिष्ठा की शपथ भी दिलाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान भ्रष्टाचार मुक्त प्रदेश के लिए कई माध्यमों से जागरूकता अभियान चलाया जाए। भ्रष्टाचार पर पूर्णतया रोक लगाने के लिए जागरूकता अभियान नियमित चलाए जाएं। उन्होंने विजिलेंस के अधिकारियों को निर्देश दिए कि भ्रष्टाचार को रोकने के लिए विभाग द्वारा जो कार्रवाई की जा रही है, उसकी माह में दो बार रिपोर्ट दें।

कहा, भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने के लिए सभी विभागीय सचिवों द्वारा अपने विभागों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। कहा, सतर्कता विभाग को कार्रवाई में तेजी लाने के लिए जो फंड की जरूरत होगी, वह दी जाएगी। कहा, राज्य सरकार का सुशासन और गरीब कल्याण की दिशा में विशेष फोकस है। सरकार द्वारा चलाई जा रही कई जन कल्याणकारी योजनाओं का प्रत्येक पात्र को पूरा लाभ मिले, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही और भ्रष्ट आचरण करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कहा, सभी को अपने कार्य व्यवहार में शालीनता के साथ ही जनहित में कार्य करने की भावना को लाना जरूरी है। कहा, भ्रष्टाचार मुक्त प्रदेश के लिए जारी किए गए नंबर 1064 का भी व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए। भ्रष्टाचार से संबंधित किसी भी शिकायत पर शीघ्र रेस्पांस दिया जाए, शिकायत सही पाने पर त्वरित कार्रवाई की जाए।

भ्रष्टाचार पर रोक के लिए टेक्नोलॉजी का अधिकतम इस्तेमाल जरूरी

मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु ने कहा, भ्रष्टाचार पर रोक लगाने को टेक्नोलॉजी का अधिकतम इस्तेमाल किया जाए। सभी कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगाने से भ्रष्टाचार पर तो अंकुश लगेगा ही साथ ही अन्य व्यवस्थाओं में भी सुधार होगा। कहा, ई-रिकार्ड की दिशा में हमें तेजी से आगे बढ़ना है। भ्रष्टाचार का विरोध करें, राष्ट्र के प्रति समर्पित रहें का संदेश हम जन-जन तक पंहुचाने में सफल रहे तो भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यह काफी कारगर सिद्ध होगा।

कहा, हम विजिलेंस से सबंधित शिकायतों पर शत प्रतिशत एक्शन शीघ्रता से लेने में सफल रहेंगे, तो इससे जनता का सरकार पर और विश्वास बढ़ेगा। कहा, विजिलेंस को और मजबूत बनाने की दिशा में कार्य किए जाएं।

इस मौके पर अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, एल फैनई, डीजीपी अशोक कुमार, एडीजी पीवीके प्रसाद, निदेशक विजिलेंस वी मुरूगेशन, एडीजी अमित सिन्हा, एपी अंशुमान एवं शासन के वरिष्ठ अधिकारी और विजिलेंस के अधिकारी मौजूद थे।

Loading

About The Author


Spread the love