April 22, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

माफिया, उपद्रवियों के लिए रहम की गुंजाइश नहीं : योगी

Spread the love

कहा, इस लायक नहीं छोडूंगा कि वह उत्तराखंड में घुसें और माहौल खराब करें

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक दिन में तीन लोकसभा सीटों में की जनसभाएं

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। एक दिन…तीन लोकसभा क्षेत्र…और योगी आदित्यनाथ आए, लोगों के दिल को छुआ, अपनों के बीच…अपनी बात कही। गुंडों, बदमाशों को जहां अपने चिर परिचित अंदाज में चेतावनी देते हुए ललकारा, वहीं धर्मांतरण और समान नागरिक संहिता जैसे मुद्दे को भी धार देने की कोशिश की, जबकि कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी पार्टियों पर जमकर निशाना साधने में भी कोई संकोच नहीं किया।

रविवार को सबसे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और बुलडोजर बाबा के नाम से देश-विदेश में प्रसिद्ध योगी आदित्यनाथ पौड़ी गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी के समर्थन में श्रीनगर में जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के समर्थन में हरिद्वार जिले के रुड़की में नेहरू स्टेडियम में जनसभा को संबोधित किया फिर शाम को राजधानी देहरादून के बन्नू बिरादरी स्कूल के मैदान में टिहरी गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र से पार्टी की प्रत्याशी माला राज्यलक्ष्मी शाह के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया।

श्रीनगर में अपने लोगों के बीच अपनी बात की शुरुआत करते हुए योगी ने कहा, आज मुझे अपनी जन्मभूमि की लोकसभा सीट पर अपनों से संवाद करने का मौका मिला है। यहां का संवाद मेरे लिए आत्म साक्षात्कार होता है। यहां के कण-कण में भगवान शंकर का वास है। इसके बाद अपने चिर परिचित अंदाज में आते हुए योगी ने कहा, माफिया और उपद्रवियों को इस लायक नहीं छोडूंगा की वह उत्तराखंड में घुसे और यहां की आबोहवा को खराब कर सके।

आज ही नई दिल्ली में भाजपा के जारी घोषणा पत्र का जिक्र करते हुए कहा, एक विकसित भारत की संकल्पना को आगे बढ़ाने वाला संकल्पपत्र जारी किया गया है। जिसमें पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को ही आधार बनाया है। कहा, वर्ष 1998 से गोरखपुर से सांसद रहने का अवसर प्राप्त हुआ है। कहा, कांग्रेस के कार्यकाल को देखकर मन खिन्न होता था। कहा, कांग्रेस का एजेंडा निजी स्वार्थ और देश को बांटने का था।

स्थानीय लोगों से जुड़ाव दिखाते हुए कहा, प्रदेश का सौभाग्य है कि देश के दोनों सीडीएस उत्तराखंड के पौड़ी जनपद ने दिए हैं। कहा, आज हमारी सीमाएं सुरक्षित हैं। कहा, देश में नक्सलवाद आज तीन से चार जनपदों तक ही सिमटकर रह गया है। कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल में ये भी समाप्त हो जाएगा।

केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए योगी ने कहा, आज हर घर नल है, हर घर को रसोई गैस के सिलिंडर केंद्र की मोदी सरकार ने दे दिए हैं। कनेक्टिविटी भी सुधरी है। कांग्रेस को कोसते हुए योगी ने कहा, कांग्रेस ने 60 साल में एक एम्स दिया, जबकि मोदी सरकार ने 15 एम्स दिए हैं।

पहले कहते थे राम हुए ही नहीं… अब कहते हैं सभी के हैं

कांग्रेस को लपेटते हुए योगी ने कहा, पहले कांग्रेस कहती थी कि राम तो हुए ही नहीं। अब कहते हैं राम सबके हैं। कहा, कांग्रेसी बहुरूपिया हैं, जिन्होंने आस्था, सुरक्षा, युवाओं के साथ खिलवाड़ किया। कहा, ये वही लोग हैं जो चेहरा देखकर योजनाओं का लाभ देते थे।

यहां पांचों सीटों पर कमल खिलाएं

जनसभा के दौरान लोगों से मुखातिब, योगी ने कहा, भाजपा को उत्तराखंड से पांच कमल चाहिए। कहा, डबल इंजन की सरकार सही दिशा में चल रही है। उसमें सोने में सुहागा अनिल बलूनी है। कहा, देवताओं का आशीर्वाद राक्षसी शक्तियों को नहीं जाएगा। कहा, बलूनी भारी बहुमत से विजयी होंगे तो मोदीजी का विश्वास उत्तराखंड पर बना रहेगा।

रुड़की की जनसभा में योगी की वेशभूषा में पहुंचा ‘नन्हा योगी’

रुड़की के नेहरू स्टेडियम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भारी भीड़ के बीच योगी की वेशभूषा में एक बच्चा भी पहुंचा। इस दौरान बच्चे के साथ फोटो खिंचवाने के लिए लोगों में होड़ मची रही। योगी की जैसे ही नजर बच्चे पर पड़ी तो उन्होंने बच्चे को मंच पर बुलाया और उससे बात की। यहां पर पूर्व मुख्यमंत्री और लोकसभा प्रत्याशी त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा, हरिद्वार विधायक मदन कौशिक, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, विधायक आदेश चौहान, पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल आदि मौजूद रहे।

Loading

About The Author


Spread the love