January 16, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

मुख्यमंत्री ने 12 रैट माइनर्स को किया सम्मानित

Spread the love

उत्तरकाशी के सिलक्यारा सुरंग हादसे में फंसे 41 मजदूरों को निकालने में किए गए सहयोग का दिया इनाम

सभी का शॉल ओढ़ाकर और 50-50 हजार रुपये के सम्मान राशि का चेक देकर किया सम्मानित

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। बृहस्पतिवार को राजधानी स्थित अपने आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिछले माह उत्तरकाशी के सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन में टनल की खुदाई में अहम भूमिका निभाने वाले 12 रैट माइनर्स को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और को 50-50 हजार रुपये के सम्मान राशि के चेक भी प्रदान किए।

इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा, रैट माइनर्स ने अपनी जान की परवाह किए बिना कठिन हालातों में टनल में खुदाई, सफाई और पाइप को काटने का कार्य किया। सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन को सफलता तक पहुंचाने में रैट माइनर्स का बहुत बड़ा योगदान रहा। उन्होंने कहा, जिस लगन और परिश्रम से हमारे रैट माइनर्स ने इस रेस्क्यू अभियान को सफल बनाने में अन्य एजेंसियों के साथ योगदान दिया, इसके लिए सभी रैट माइनर्स बधाई और आशीर्वाद के पात्र हैं।

मुख्यमंत्री ने सिलक्यारा रेस्क्यू अभियान में योगदान देने वाले सभी लोगों का भी प्रदेश की जनता की ओर से आभार जताया। वहीं, सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले रैट माइनर्स ने राज्य में स्वागत और सम्मान पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया और कहा, सुरंग में फंसे 41 लोगों की जान बचाने के लिए उन्हें भी अपना योगदान देने का अवसर मिला, यह उनके लिए गर्व की बात है। इस मौके पर अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी और उत्तरकाशी के जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला भी मौजूद थे।

Loading

About The Author


Spread the love