December 14, 2025

BebakDuniya

साथ सच का

यात्रा प्रबंधन को प्रभावी बनाएगा चारधाम डैशबोर्ड : मुख्य सचिव

Spread the love

कहा, चारधाम डैशबोर्ड पर यात्रा से जुड़े विभाग नियमित रूप से रियल टाइम डाटा अपडेट करेंगे

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने चारधाम यात्रा से संबंधित सभी विभागों को जल्द शुरू होने वाले चारधाम डैशबोर्ड पर नियमित रूप से रियल टाइम डाटा अपडेट करने के निर्देश दिए।

कहा, यह डैशबोर्ड चारधाम से सम्बन्धित सभी विभागों के मध्य सूचनाओं के प्रभावी आदान प्रदान व डाटा शेयरिंग का माध्यम बनेगा। इससे विभागों में समन्वय स्थापित होगा और उनके अलगाव में कार्य करने की प्रवृति खत्म होगी। उन्होंने इसके लिए सभी विभागों में एक-एक नोडल अधिकारी तैनात करने के निर्देश दिए। सभी संबंधित विभागों को हिदायत दी कि चारधाम डैशबोर्ड पर अपडेट किया जाने वाला डाटा डायनेमिक (गतिशील) और रियल टाइम होना चाहिए। इसे नियमित रूप से फीड किया जाना चाहिए।

मुख्य सचिव ने चारधाम डैशबोर्ड में लोक निर्माण विभाग को यात्रा रूट पर पड़ने वाले ब्लैक स्पॉट, स्लिपिंग जोन, मुख्य मार्गों के अलावा वैकल्पिक मार्गों की जानकारी, मलबे, भूस्खलन या ट्रैफिक जाम से बाधित सड़कों, सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़े अनिवार्य रूप से अपडेट करने तथा यूकाडा को धामों में खराब मौसम या अन्य कारणों से हैली सर्विस रद्द होने की पूर्व जानकारी अनिवार्य रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही मुख्य सचिव ने पशुपालन विभाग को चारधाम डैशबोर्ड में यात्रा मार्ग पर खच्चरों के लिए चारे, पीने के गर्म पानी, पशुचिकित्सकों की उपलब्धता का रियल टाइम डाटा भी नियमित रूप से अपडेट करने और पुलिस विभाग को यात्रा मार्ग पर पार्किंग स्थलों की जानकारी व पार्किंग स्पेस की उपलब्धता का रियल टाइम डाटा अपडेट करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने सचिवालय में आईटीडीए द्वारा तैयार किए जा रहे चारधाम डैशबोर्ड की समीक्षा की। ये डैशबोर्ड शुरू में सरकारी विभागों के प्रशासनिक समन्वय व कार्यों के लिए उपयोग किया जाएगा और बाद में आमजन के लिए खोल दिया जाएगा। मुख्य सचिव ने चारधाम डैशबोर्ड में यात्रा मार्ग पर किए जाने वाले कार्यों की जीआईएस टैगिंग के निर्देश दिए।

उन्होंने परफॉर्मेशन एवल्यूशन के लिए कई विभागों के इंटरलिंकिंग को जरूरी बताया। डैशबोर्ड में अन्य भीड़-भाड़ वाले पर्यटक स्थलों जैसे मसूरी को भी जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि इन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों को भी सभी जानकारियां व रियल टाइम डाटा मुहैया हो सके। इसके साथ ही मुख्य सचिव ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों के वाहनों में ट्रेश बैग ( कूड़ादान) अनिवार्य रखे जाने के नियमों का सख्ती से पालन करवाने के निर्देश दिए।

उन्होंने ट्रिप कार्ड जारी करते समय जानकारी देने तथा नियमित रूप से चेकिंग व चालान करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस बाबत में नगर निकायों, निगमों व जिला पंचायतों को पत्र लिखने के निर्देश दिए। यात्रा मार्ग पर सेवाएं देने वाले खच्चरों की बीमा के लिए जिलाधिकारियों को वार्ता के निर्देश दिए।

बैठक में सचिव लोक निर्माण विभाग, आपदा प्रबन्धन, पशुपालन, निदेशक आईटीडीए, महानिदेशक स्वास्थ्य व अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।

Loading

About The Author


Spread the love