December 14, 2025

BebakDuniya

साथ सच का

यूपी में 22 को सार्वजनिक अवकाश, स्कूल-कॉलेज सब बंद

Spread the love

योगी आदित्यनाथ की सरकार ने बंदी का शासनादेश जारी कर दिए कई और निर्देश

उत्तराखंड में भी 14 जनवरी से प्राण प्रतिष्ठा तक सांस्कृतिक उत्सव, 22 को ड्राईडे

बेबाक दुनिया ब्यूरो

लखनऊ/देहरादून। अयोध्या के राम मंदिर में आगामी 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर यूपी में जहां इस दिन को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया गया है, वहीं स्कूल-कॉलेज भी बंद रहेंगे। सभी सरकारी कार्यालयों में भी अवकाश रहेगा।

योगी सरकार ने इसका शासनादेश भी जारी कर दिया है। उधर, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर 14 जनवरी से ही पूरे प्रदेश में जहां सांस्कृतिक उत्सवों के आयोजन का एलान किया है, वहीं 22 जनवरी को प्रदेश में सभी शराब की दुकानों को बंद रखने का फरमान भी जारी कर दिया है। उधर, उत्तर प्रदेश में भी 22 जनवरी को प्रदेशभर में शराब की दुकानें बंद रहेंगी। साथ ही बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा विभाग ने शिक्षण संस्थानों में सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है।

प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने प्राण प्रतिष्ठा के दिन सामान्य व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और अतिथियों की व्यवस्था के भी निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने 16 से 22 जनवरी तक हर मंदिर में राम संकीर्तन का आयोजन करने, 22 जनवरी की शाम को हर घाट, मंदिर में दीपोत्सव करने और अयोध्या में सरयू घाट पर दीपोत्सव के बाद आतिशबाजी के निर्देश दिए हैं। मंदिरों में स्क्रीन लगाकर समारोह का सीधा प्रसारण दिखाने, सभी शहरी एवं ग्रामीण इलाकों में 14 से 21 जनवरी तक स्वच्छता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए।

इसके अलावा प्रदेशभर के सभी सरकारी कार्यालयों में 22 से 26 जनवरी तक सजावट और रोशनी भी की जाएगी। लखनऊ, गोरखपुर, प्रयागराज और वाराणसी से अयोध्या आने वाले मार्गों को ग्रीन कॉरिडोर बनाने के निर्देश दिए हैं। मिश्र ने अयोध्या में निजी भवनों में 18 जनवरी से निर्माण कार्य नहीं कराने के भी निर्देश देते हुए भवन निर्माण का मलबा मार्गों से हटाने और प्रत्येक स्थान पर साफ सफाई के इंतजाम करने को कहा।

उत्तराखंड भी राममय, 14 से 22 तक सांस्कृतिक उत्सव

अयोध्या में भगवान श्रीराम के बाल रूप नूतन विग्रह की 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा को लेकर उत्तराखंड सरकार भी राममय हो गई है। सरकार के मुखिया पुष्कर सिंह धामी ने मकर संक्रांति (14 जनवरी) से 22 जनवरी तक पूरे राज्य में सांस्कृतिक उत्सव मनाने का निर्णय लिया है, साथ ही प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन प्रदेशभर की सभी शराब की दुकानों को बंद रखने के भी आदेश जारी किए हैं।

Loading

About The Author


Spread the love