May 7, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

वन क्षेत्र में ट्रांसफर इंडस्ट्री सहन नहीं : सुबोध

Spread the love

बोले वन मंत्री, कहा- बिना अनुमति निजी पेड़ काटने पर जेल की सजा रहेगी बरकरार

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। उत्तराखंड में मानव वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में 21.67 प्रतिशत की कमी आई है। इसमें और कमी लाने के लिए प्रदेश सरकार प्रयासरत है।

उपरोक्त बात प्रदेश के वन मंत्री सुबोध उनियाल ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कही। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने विभागीय कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा, वनों में आग लगने की घटनाओं पर विराम लगे, उसके लिए सरकार और विभाग के स्तर पर तेजी से काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, इस बाबत ग्राम प्रधान की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की गई है। कहा, प्रदेश में इस वर्ष वनाग्नि की घटनाओं में 20 प्रतिशत की कमी आई है, इसको और कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, विभाग में अब हर्बल फार्मिंग पर जोर दिया जा रहा है, इसके लिए फलदार पेड़ लगाए जाएंगे।

कहा, प्रदेश के लोगों की आजीविका को मजबूत करने का मंत्रालय ने लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा, हर्बल की टेस्टिंग के लिए प्रदेश में पहली बार लैब खोली जाएगी। बताया, इसके लिए एक करोड़ रुपये का फंड भी रखा गया है। कहा, पर्यावरण को शुद्ध रखने के लिए सरकार हर संभव काम कर रही है।

उन्होंने कहा, सरकार का प्रयास है कि आम आदमी को वनों से जोड़ा जाए और इसके लिए योजना बनाई जाएगी। कहा, प्रदेश में 11 हजार 230 वन पंचायत है, जिसके लिए 400 करोड़ रुपये से घर-घर मिशन चलाया जा रहा है। कहा, वन पंचायतों में फलदार पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

कहा, मानव वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को रोकने के लिए ज्यादा से ज्यादा प्रयास किए गए हैं, जिसके चलते उत्तराखंड में मानव वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में 21.67 प्रतिशत की कमी आई है। एक सवाल के जवाब में कहा, भ्रष्टाचार को रोकने के लिए विभाग सख्त है और इसमें किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी। बताया, भ्रष्टाचार के खिलाफ विभाग ने सख्त से सख्त कार्रवाई की है।

Loading

About The Author


Spread the love