January 16, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

विकसित उत्तराखंड हम सभी का सामूहिक लक्ष्य : प्रेमचंद्र

Spread the love

कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल और गणेश जोशी ने सेंट्रल पार्क का लोकार्पण और वेंडर जोन का किया शिलान्यास

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। आज उत्तराखंड विकास और विश्वास के अभूतपूर्व माहौल में जन आकांक्षाओं को पूरा करते हुए आगे बढ़ रहा है। विकसित उत्तराखंड का लक्ष्य हम सभी का सामूहिक लक्ष्य है और इसे सामूहिक प्रयासों से ही प्राप्त किया जा सकता है।

उपरोक्त बात उत्तराखंड के शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल ने मंगलवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के वार्ड छह दून विहार जाखन में 21 लाख रुपये की लागत से सेंट्रल पार्क के सुंदरीकरण का लोकार्पण और 73.01 लाख रुपये की लागत के वेंडिंग जोन का निर्माण कार्य का शिलान्यास करते हुए कही। कहा, यह वेंडर जोन देहरादून का दूसरा वेंडर जोन है। इसके निर्माण के बाद रोजगार का एक स्थाई समाधान लोगों को मिलेगा।

कैबिनेट मंत्री ने कहा, नलकूप, सीवर लाइन, पार्क, सड़कें, सामुदायिक भवन, विद्युतीकरण आदि कार्य इस वर्ष पूर्ण किए गए हैं। उन्होंने सेंट्रल पार्क के शेष कार्य के लिए एमडीडीए को निर्देशित भी किया। कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र पर आगे बढ़कर जनहित के कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने मौजूद लोगों से अपील की कि उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के हमारे विकल्प रहित संकल्प की पूर्ति को किए जा रहे प्रयासों में सहयोगी बनें। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा, लंबे समय से क्षेत्र में वेंडिंग जोन की मांग चल रही थी। कहा, रेहड़ी, ठेली वालों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। यह वेंडर जोन देहरादून का दूसरा वेंडर जोन है। वेंडर जोन के निर्माण के बाद रोजगार का एक स्थाई समाधान भी हो जाएगा।

जोशी ने कहा, समाज के हर व्यक्ति की चिंता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करते हैं। कहा, डबल इंजन की सरकार समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखकर लगातार मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने की दिशा में प्रयासरत है। इस मौके पर निवर्तमान मेयर सुनील उनियाल गामा, भाजपा महानगर महामंत्री सुरेंद्र राणा, संजय नौटियाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, पूनम नौटियाल, जितेंद्र रावत, निशा शर्मा, अपर नगर आयुक्त बीएस बुंदियाल आदि मौजूद रहे।

Loading

About The Author


Spread the love