May 13, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

शीतकाल के लिए यमुनोत्री धाम के कपाट बंद

Spread the love

छह माह तक मां यमुना के दर्शन शीतकालीन प्रवास खुशीमठ (खरसाली) में होंगे

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। बुधवार (15 नवंबर) को भइयादूज के पावन पर्व पर विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।

अब शीतकाल में छह माह तक मां यमुना के दर्शन उनके शीतकालीन प्रवास खुशीमठ (खरसाली) में होंगे। श्रीपांच पंडा समिति यमुनोत्री धाम अध्यक्ष पुरुषोत्तम उनियाल के मुताबिक, बुधवार सुबह मां यमुना के शीतकालीन प्रवास खरसाली से शनिदेव की डोली यमुनोत्री धाम पहुंची, जहां विधिवत पूजा अर्चना एवं हवन यज्ञ के बाद सुबह 11.57 बजे अभिजीत मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ शीतकाल के लिए यमुनोत्री धाम के कपाट बंद कर दिए गए।

इस दौरान धाम में सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद थे। कपाट बंद करने के बाद मां यमुना की डोली यमुनोत्री धाम से शनिदेव की डोली की अगुवाई में शीतकालीन प्रवास खुशीमठ रवाना हुई। यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद शीतकाल में छह माह तक मां यमुना की पूजा उनके शीतकालीन प्रवास खुशीमठ में होगी और यहीं पर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन कर सकेंगे।

इसके बाद अगले साल पुनः अक्षय तृतीया के पर्व पर ग्रीष्मकाल के लिए यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। बताया, इस यात्रा सीजन में यमुनोत्री धाम में दर्शनों के लिए साढ़े सात लाख श्रद्धालु पहुंचे। कपाट बंद होने के मौके पर सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ सुरेश उनियाल, पवन उनियाल, अनोज उनियाल, मनमोहन उनियाल, महावीर पंवार, पंकज उनियाल, राज स्वरूप उनियाल के साथ पुलिस और प्रशासन के प्रतिनिधि भी शामिल रहे।

Loading

About The Author


Spread the love