बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता, और अटूट समर्पण के माध्यम से अखंड भारत का सपना साकार किया। 560 से अधिक रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर भारत को एक सशक्त राष्ट्र बनाया और हमें एक ऐसा भारत दिया जिसमें विविधता के बावजूद एकता की भावना है।






उपरोक्त बात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरदार बल्लभ भाई पटेल के जन्म दिवस पर राजधानी के पवेलियन ग्राउंड से ओपन रन फॉर यूनिटी क्रॉस कंट्री दौड़ में प्रतिभाग के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कही। धामी ने भारत रत्न सरदार बल्लभ भाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, उन्होंने अपने जीवन का प्रत्येक क्षण देश की एकता और अखंडता के लिए समर्पित कर दिया। उनका संपूर्ण जीवन हमें राष्ट्र सेवा की प्रेरणा प्रदान करता है।
कहा, रन फॉर यूनिटी का आयोजन हर वर्ष 31 अक्तूबर को सरदार पटेल की जयंती पर ही होता है। इस वर्ष उनकी जयंती के साथ दीपावली का संयोग होने से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मन की बात कार्यक्रम में घोषणा की थी कि इस बार रन फॉर यूनिटी का आयोजन 29 अक्तूबर को किया जाएगा। कहा, विस्तृत एवं एकीकृत भारत के निर्माण में देश के पहले उप-प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के रूप में सरदार पटेल की कूटनीति और दूरदर्शिता का स्वतंत्र भारत के इतिहास में भी महत्वपूर्ण योगदान है।
कहा, अपने अद्वितीय संकल्पशक्ति और दूरदर्शिता से आधुनिक भारत का निर्माण करने वाले लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल द्वारा देश को एक सूत्र में पिरोने के लिए किए महान योगदान के लिए देश का प्रत्येक नागरिक सदैव उनका ऋणी रहेगा। इस रन फॉर यूनिटी का आयोजन इसी उद्देश्य से किया गया है कि प्रत्येक नागरिक के भीतर एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना जागृत हो।
कहा, युनिटी और इंटेग्रीटी की भावना केवल एक विचार नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय का परम कर्तव्य है। यह एक सामान्य दौड़ नहीं, बल्कि देश की एकता और अखंडता को मजबूती प्रदान करने का माध्यम भी है। इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक खजान दास, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, निदेशक खेल प्रशांत आर्य आदि मौजूद रहे।
More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश