May 6, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

सीएम धामी के जन्मदिन पर धामों में हवन कीर्तन

Spread the love

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत से आए बच्चों संग मनाया जन्मदिन

बेबाक दुनिया डेस्क

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर शनिवार को पूरे प्रदेश में जहां भाजपा ने कार्यक्रमों का आयोजन कर जन्मदिन मनाया, वहीं बदरीनाथ केदारनाथ धाम में विशेष पूजा अर्चना कर दीर्घायु की कामना की गई। उधर, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री समेत केंद्रीय मंत्रियों और कई प्रदेशों के मुख्यमंत्री ने भी शुभकामनाएं दी हैं।

शनिवार को मुख्यमंत्री धामी ने कुमाऊं के चंपावत से आए जनजातीय बच्चों संग अपना जन्मदिन मनाया। इस दौरान धामी ने बच्चों से कुमाऊनी में बात कर कुशल क्षेम जाना, वहीं किस कक्षा में पढ़ते हो की जानकारी ली। उधर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर पिथौरागढ़ के एराडी ग्राम के मंदिर मूलनारायन में पूजा अर्चना कर दीर्घायु की कामना की।

इस मौके पर ग्राम पंचायत एराडी की प्रधान और अन्य ने भजन कीर्तन किया। वहीं, मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर बदरीनाथ मंदिर में महाभिषेक और केदारनाथ धाम में रुद्राभिषेक संग यज्ञ-हवन संपन्न हुआ। इस दौरान मंदिर समिति के सभी मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना हुई और मुख्यमंत्री के आरोग्यता, दीर्घायु, प्रदेश के सुख-समृद्धि की कामना की गई।

बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी है। इस अवसर पर मिष्ठान वितरण भी हुआ। उधर, केदारनाथ धाम में सीएम के नाम और गोत्र से भगवान केदारनाथ का रुद्राभिषेक और हवन हुआ। भैरवनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना तथा हवन किया गया। इस मौके पर पुजारी शिवलिंग और मुख्य कार्याधिकारी योगेंद्र सिंह, कार्याधिकारी आरसी तिवारी, वेदपाठी स्वयंबर सेमवाल, प्रबंधक अरविंद शुक्ला, ललित त्रिवेदी आदि मौजूद रहे।

पंचकेदार गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में भगवान ओंकारेश्वर की पूजा-अर्चना अभिषेक किया गया। इस मौके पर पुजारी शिवशंकर लिंग, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजकुमार नौटियाल और प्रशासनिक अधिकारी रमेश नेगी मौजूद रहे। उधर, नृसिंह मंदिर जोशीमठ में सीएम के नाम गोत्र से सुबह नृसिंह बदरी की विशेष पूजा-अर्चना हुई। इस मौके पर पुजारी हनुमान प्रसाद डिमरी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गिरीश चौहान, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी विजेंद्र बिष्ट और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी दीपक नौटियाल मौजूद रहे।

सिद्धपीठ कालीमठ में सुबह मुख्यमंत्री के नाम गौत्र से पूजा संपन्न हुई। इस मौके पर वेदपाठी रमेश भट्ट, तीर्थपुरोहित सुरेशानंद गौड़, प्रबंधक प्रकाश पुरोहित, मठापति अबल सिंह राणा, श्रीकृष्ण देवशाली मौजूद रहे। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया, द्वितीय केदार मद्महेश्वर, तृतीय केदार तुंगनाथ, विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी, त्रिजुगीनारायण मंदिर, योग बदरी पांडुकेश्वर, शगोपाल मंदिर नंदप्रयाग, नव दुर्गा मंदिर टिहरी, चंद्रवदनी मंदिर कारगी चौक देहरादून, भविष्य बदरी मंदिर सुभाई तपोवन (जोशीमठ), वृद्ध बदरी मंदिर, सदगुरू धाम सेरा भरदार (टिहरी) में पूजा अर्चना हुई।

उधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्म दिवस पर हरिद्वार के जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल के निर्देशन में रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, आसाम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, अर्जुन मुंडा, प्रहलाद सिंह पटेल, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल आदि ने भी शुभकामनाएं प्रेषित की।

Loading

About The Author


Spread the love